इटारसी। ग्राम धुरपन में सेवा भारती मध्य भारत प्रांत के प्रकल्प आशा महेन्द्र शुक्ल जनजाति छात्रावास का आज भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस छात्रावास का निर्माण करीब सवा दो एकड़ में तीन करोड़ रुपए की लागत से होगा। छात्रावास निर्माण के लिए ग्राम धरमकुंडी के आशा महेन्द्र शुक्ल ने 75 लाख रुपए दान दिए हैं। आज भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गंगोत्रीधाम उत्तराखंड के स्वामी वियोगानंद महाराज थे। मुख्य यजमान सेवा भारती मध्य भारत प्रांत के उपाध्यक्ष, सेवानिवृत्त डीजीपी महेन्द्र शुक्ल और उनकी पत्नी आशा महेन्द्र शुक्ल, राजकुमार जैन, विमल त्यागी, सुरेन्द्र सिंह, सचिव गुरुप्रीत सिंघ सोनू बिन्द्रा, प्रकाश ताम्रकार, योगी अग्रवाल, कल्पेश अग्रवाल, मनोज राय सहित संघ और सेवा भारती से जुड़े अनेक अतिथि, पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई, अभय दुबे मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग संघ चालक धन्नालाल दोगने ने की और मुख्य वक्ता गोरेलाल बारछे थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्वामी वियोगानंद ने कहा कि जीवन में धन का महत्व नहीं द्रव्य का महत्व है। धन गाड़कर, छिपाकर रखा जा सकता है। जबकि यह होना चाहिए कि द्रव्य में धन सेवा के प्रवाह में बहता रहे। उन्होंने कहा कि सेवा दो अक्षरों से बना शब्द मात्र नहीं है, बल्कि काफी गरिमामय होती है। जिसके जीवन में मानवता भरी रहती है, उसे भगवान भी दर्शन करने खोजते रहते हैं। सेवा साधन भी है और सिद्धि भी है, इसके द्वारा हम अंतर्मन की सारी अशुद्धि दूर कर सकते हैं। इससे हमारा अंत:करण शुद्ध होता है। दानदाता महेन्द्र शुक्ल ने कहा कि माता पिता के संस्कार और नैतिक मूल्य भी उन्होंने अपनी पुलिस सेवा में साथ लेकर चले हैं। सेवानिवृत्त होने पर जब पत्नी इस तरह का विचार सामने रखा तो मन में आया कि सेवा के प्रमाणित कार्य करने वाली संस्था को यह पैसा देना चाहिए और सेवा भारती का ख्याल आया। उन्होंने सेवा भारती के मातृछाया और आनंदधाम जैसे प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा में पिछड़े लोगों के लिए काम करती है।
आरएसएस के मध्यक्षेत्र सेवा प्रमुख गोरेलाल बारछे ने सेवाभारती के सफर की जानकारी देते हुए कहा कि यह संस्था तीस वर्ष से अभावग्रस्त क्षेत्रों में काम कर रही है। श्रीमती आशा महेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विश्व में इतने प्रकल्प और सेवा के क्षेत्र में किसी संगठन ने काम नहीं किया जितना सेवा भारती करती है। उन्होंने कहा कि बिल गेट्स पैसों के लिए प्रसिद्ध नहीं हैं, बल्कि गेट्स फाउंडेशन के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा भारती को समाज ने हमेशा साथ दिया और यही कारण है कि सेवा भारती का कोई भी प्रकल्प आज तक बंद नहीं हुआ।
अभी है किराए के भवन में
सेवा भारती मध्य भारत प्रांत का यह जनजाति छात्रावास वर्तमान में आयकर भवन के पीछे इटारसी में किराए के भवन में संचालित है। इसमें सुखतवा क्षेत्र के छह गांव की सोलह बच्चियां रहकर अध्ययन कर रही हैं। सेवा भारती के प्रदीप खांडेकर ने बताया कि इस क्षेत्र में जनजाति के लोगों के बीच काम करने की अत्यंत आवश्यकता है। इसके लिए श्री शुक्ल ने सहयोग दिया है, यह उनकी जन्मभूमि है। उनके मन में कोई अच्छा कार्य करने का विचार आया था, यह काम आज शुरु हो रहा है। 2 एकड़ 35 डिसमिल के भूखंड पर दो सौ छात्राओं के लिए छात्रावास बनाया जा रहा है।