इटारसी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 15 फरवरी को इटारसी रेलवे ग्राउंड इंस्टीट्यूट से होने वाली आमसभा के संबंध में शनिवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने संभाग के दो संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और सभा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल होने को कहा। बैठक में शामिल बीस विधायकों को दस-दस हजार कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रेलवे मैदान पर होने वाली सभा में होशंगाबाद-नरसिंहपुर और बैतूल-हरदा लोकसभा की 16 विधानसभा के अलावा खातेगांव, बुदनी, भोजपुर और इछावर विधानसभा मिलाकर 20 विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। शनिवार को सभा की तैयारियों को लेकर संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन कविवर भवानीप्रसाद मिश्र संस्कृति भवन में किया गया। अपने शहर में आए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने स्वागत किया। विश्राम गृह से सभी नेता पैदल ही ऑडिटोरिम पहुंचे। यहां हुई बैठक में संभाग के पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मिशन 2019 नर्मदा की नगरी से विजयी शंखनाद का पताका फहराते हुए पूरे देश में गुंजायमान करेगा। देश की जनता विगत साढ़े चार सालों में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्यों को भली-भांति समझ चुकी है। जहां पूर्व की कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे आयाम पूरे विश्व में दर्ज करा दिए थे। वहीं श्री मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार के ऊपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि 15 फरवरी को नरेन्द्र मोदी की आमसभा में अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को लेकर आना है। बैठक में पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष तपन भौमिक ने कार्यकर्ताओं आगामी लोकसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों में जुट जाने का आग्रह किया।
पार्टी जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल, सांसद राव उदयप्रताप सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक करणसिंह वर्मा, सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व मंत्री एवं विधायक कमल पटेल, टिमरनी विधायक संजय शाह, आमला विधायक योगेश पंडाग्रे, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, पूर्व निगम अध्यक्ष शिव चौबे, पार्टी प्रदेश प्रवक्ता राजो मालवीय, संभागीय संगठनमंत्री श्याम महाजन, विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रहे हेमंत खंडेलवाल, राजा पंवार, गीता उईके, महेन्द्र सिंह चौहान, गौतम पटेल, विश्वनाथ सिंह पटेल, रामकिशन पटेल, बैतूल जिलाध्यक्ष बसंत माकोड़े, हरदा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा, नरसिंहपुर जिलाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा, रायसेन जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान सहित पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, मण्डी अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, भाजपा जिला महामंत्री, विधानसभा के प्रभारी, सहप्रभारी मोर्चो के जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन संतोष पारिक एवं आभार इटारसी मंडल अध्यक्ष डॉ नीरज जैन ने माना।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]
दो लाख कार्यकर्ताओं को सभा में लाने मिला दायित्व
For Feedback - info[@]narmadanchal.com