इटारसी। नगर में आज दो स्थानों पर दशहरा उत्सव का आयोजन किया। नयी इटारसी के गांधी मैदान और पुरानी इटारसी के सूखा सरोवर मैदान में रावण और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जहां हजारों की संख्या में जनता उपस्थित थी। चुनाव आचार संहिता के कारण इस वर्ष रावण और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन पिछले वर्ष के मुकाबले काफी जल्दी हो गया था। बावजूद इसके गांधी मैदान में करीब पंद्रह हजार जनता और सूखा सरोवर मैदान में करीब पांच हजार दर्शनार्थी पहुंचे थे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अक्षत बुंदेला ने राम राज्याभिषेक की रस्म निभाई। हालांकि गणमान्य नागरिक के तौर पर मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, कल्पेश अग्रवाल, जसपाल सिंह भाटिया सहित नगर पालिका के सभापित और अनेक पार्षद भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
सीएमओ श्री बुंदेला ने आरती करके रामलीला मंचन की शुरुआत करायी। गांधी मैदान में गुरुद्वारे की माता महाकाली, दुर्गा चौक की देवी दुर्गा की प्रतिमाएं आयीं, श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान ने उनकी पूजा कर शक्ति प्राप्त की और मंच से लड़ते हुए श्रीराम और रावण पुतलों तक पहुंचे जहां श्रीराम ने पहले कुंभकर्ण और फिर रावण के पुतले को आग लगायी। इस के बाद भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वंदना जाट, तहसीलदार तृप्टि पटेरिया, नायब तहसीलदार रितु भार्गव भी मौजूद थीं।