खेल, सांस्कृतिक गतिविधि, सफाई व्यवस्था, मछली-सब्जी बाजार निर्माण पर होंगे करोड़ों खर्च
इटारसी। नगर पालिका ने आज 1 अरब, 18 करोड़, 10 लाख, 71 हजार रुपए के बजट को पार्षदों के कुछ छोटे-मोटे सुझावों को सुनकर सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। बजट में 1 अरब, 18 करोड़, 10 लाख 5 हजार का व्यय दर्शाया गया है। इस तरह से बजट में 66 हजार रुपए की बचत दर्शायी है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे, उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, सभी सात सभापति और पार्षदों की मौजूदगी में बजट को मंजूरी दी गई।
बजट वर्ष 2017-18 में नगर पालिका द्वारा पूर्व से प्रचलित विभिन्न योजनाओं को आगामी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है तथा पूर्व से प्रचलित कर/शुल्क आदि की दर से ही होने वाली आय को दृष्टिगत रखकर ही आय तथा केन्द्र/राज्य से विभिन्न प्रस्तावित योजनाओं से प्राप्त होने वाले अनुदान राशि के अनुपात में ही आय एवं व्यय की राशि प्रस्तावित की गई है।
नपाध्यक्ष के बजट भाषण की खास बातें
कचरा संकलन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए दस आटो, दो डंपर, दो बड़ी ट्राली लेना प्रस्तावित है, चार अस्थायी कचरा कलेक्शन सेंटर भी बनेंगे
कीरतपुर के पास जिलवानी में 12 एकड़ की जमीन शासन से मिली है जिस पर डेढ़ करोड़ से कचरा कलेक्शन सेंटर एवं खाद बनाने की योजना है
जल आवर्धन योजना के अंतर्गत लोगों के घर-घर तक पेयजल पहुंचाने की योजना है और इसके तहत आगामी 15 मई तक तवा नदी का पानी मिलेगा
22 करोड़ रुपए की लागत से नगर में पेयजल वितरण के लिए एक बड़ी कार्ययोजना शासन को प्रेषित की गई है, सहमति के बाद काम प्रारंभ किया जाएगा
पुरानी इटारसी में दो शौचालय सहित शहर में अन्य जगह सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया है
बरसाती जल निकासी के लिए बड़े नालों का निर्माण मुख्यमंत्री अधोसंरचना से प्रथम किश्त के रूप में 3 करोड़ की स्वीकृति हो गई, जुलाई से कार्य शुरु होगा
नगर की प्रमुख सड़कों की मरम्मत एवं डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 50 लाख रुपए की प्रथम निविदा निकाली जा चुकी है
नगर के सभी वार्डों में मूलभूत आवश्यकताओं की श्रंखला में लगभग 18 करोड़ की लागता से सड़कों एवं नालियों का निर्माण कार्य किया जाएगा
शहर में स्ट्रीट लाइट के रख-रखाव एवं नए पोल तथा लाइट लगाने के लिए लगभग एक करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है
सब्जी मंडी के द्वितीय चरण के लिए 1 करोड़, वर्षों से लंबित मछली मार्केट के लिए 1 करोड़, नए बस स्टैंउ के प्रथम चरण के लिए 5 करोड़ प्रस्तावित
स्ववित्तीय योजना अंतर्गत पुरानी नपा के स्थान पर व्यावसायिक परिसर का निर्माण कार्य किया जाएगा जिसकी विस्तृत योजना तैयार हो चुकी है
राष्ट्रीय और धार्मिक त्योहार, खेलकूद एवं सांस्कृतिक आयोजन हेतु 36 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है
हॉकी की नर्सरी की मांग के अनुरूप उदीयमान हॉकी खिलाडिय़ों के खेल विकास के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान के लिए दो करोड़ का प्रावधान किया
सफाई कर्मचारियों के लिए प्रस्तावित वाल्मिकी नगर के लिए दो करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है
बजट की खास बातें
समस्त वार्डों में सड़क, नाली, पार्क, विद्युत, सार्वजनिक शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है
आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत शेष भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि सफाई कामगारों के लिए बाल्मिकी बस्ती का निर्माण होगा
प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री अधोसंरचना, विकास योजनांतर्गत आडिटोरियम का निर्माण लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है
गारबेज कंटेनर के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने कुछ नए कार्बेज कंटेनर को खरीदने की कार्यवाही प्रस्तावित की गई है
शहर से निकलने वाले कचरे के निष्पादन के लिए ठोस अवशिष्ट प्रबंधन प्रणाली के तहत ट्रचिंग ग्राउंट का विकास प्रस्तावित किया गया है
सब्जी और फल मंडी के फेज़ टू में दुकानों का निर्माण तथा सब्ज़ी, फल, फूल-माला, पान विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित चबूतरे एवं शेड निर्माण
शॉपिंग काम्पलेक्स, बीओटी के निर्माण की कार्ययोजना, नवीन बस स्टैंड निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, चौक-चौराहों का विकास होगा
शहर की स्वच्छता एवं गंदे पानी के निकास हेतु सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए समस्त वार्डों में नाली-नालों का निर्माण
हॉकी खिलाडिय़ों को गांधी मिनी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ की सौगात दिए जाने हेतु, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए शालाओं के मरम्मत का प्रावधान
बजट बैठक की शुरुआत से ही सभापति यज्ञदत्त गौर ने अध्यक्ष को संबोधित करते हुए गर्मी को देखते हुए जल वितरण संबंधी चर्चा की अनुमति मांगी। अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने कहा, पीआईसी में इस पर विस्तृत चर्चा होगी, यह बजट बैठक है।
इस बीच निर्दलीय पार्षद महेश आर्य ने भी कहा कि यदि बजट के अतिरिक्त चर्चा होगी तो उनके वार्डों के विकास कार्यों के लिए भी उन्हें समय दिया जाए। इसके बाद अध्यक्ष ने बजट भाषण दिया। उन्होंने कहा कि हमने जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया है।
सभापति यज्ञद गौर ने कहा कि आपके नेतृत्व में नगर विकास की ओर जा रहा है, इसमें कोई दो राय नहीं लेकिन, कुछ अधिकारी और कर्मचारी हमारे चेहरे को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, उन पर अंकुश लगाएं। कांग्रेस पार्षद अरविंद चंद्रवंशी, सभापति भरत वर्मा, राकेश जाधव ने भी बजट चर्चा में भाग लिया।
नगर सरकार ने पेश किया सवा अरब रुपए का बजट
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








