पोषण आहार वितरण में लापरवाही पर सीडीपीओ की एक वेतन वृद्धि रोकने निर्देश
इटारसी। कलेक्टर धनंजय सिंह (Hoshangabad Collector Dhananjay Singh) ने आज विकासखंड केसला अंतर्गत ग्राम कीरतपुर में जलग्रहण मिशन-4 के खेत तालाब निर्माण कार्य, ग्राम भगरदा में विधायक/सांसद निधि से निर्माणाधीन कार्य, मनरेगा अंतर्गत संचालित निर्माण कार्य, पुल-पुलिया निर्माण कार्य, तालाब निर्माण, कपिल धारा कूप, ग्राम सुखतवा में फीवर क्लीनिक व आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कार्यो को समयसीमा में पूर्ण करे
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रगतिरत निर्माण कार्यो को मिशन मोड में गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश परियोजना अधिकारी मनरेगा व आईडब्लूएमपी-4 को दिये। उन्होंने कहा कि अगले सात दिन में निर्माण कार्यो में प्रगति लाए व शतप्रतिशत निर्माण कार्यो को समयसीमा में पूर्ण करे, लापरवाही की दशा में संबंधितो के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद व नगरपालिका के निर्माण कार्य हेतु स्वीकृत राशि का कार्य एजेंसी को जारी करने में विलंब होने की शिकायत पर एसडीएम इटारसी को जाँच कर सात दिवस में रिपोर्ट देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राशि जारी करने में विलंब करने के वाले के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
कार्यो में लापरवाही पर कार्यवाही
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम कीरतपुर में जलग्रहण मिशन क्रमांक-4 के निर्माण कार्यो में लगभग पूरी राशि का उपयोग करने पर भी खेत-तालाब में पंचिग कार्य न होने व कार्य अपूर्ण होने पर गंभीर नाराजी व्यक्त करते हुए टीम लीडर गंजानद सिंह नागपुरे व उपयंत्री नेहा सेनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने व दोनों के 3 दिन के अवैतनिक करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम भगरदा में पुल-पुलिया निर्माण कार्य में निरीक्षण के दौरान मानव दिवस अपेक्षा अनुरूप कम सृजित करने, श्रमिकों का नियोजन रिपोर्टिंग डाटा के मुताबिक त्रुटि पूर्ण होने पर तथा खेल मैदान का कार्य गुणवत्ता विहीन होने पर एपीओ मनरेगा हेमेन्द्र आर्य, एई एनपी मैहर को कारण बताओ नोटिस जारी करने व तीन दिन का अवैतनिक करने के निर्देश दिये तथा सचिव सोनू बामने से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने आंगनबाड़ी सेवाओं अंतर्गत परियोजना केसला में पोषण आहार वितरण कार्य में लापरवाही तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों की नियमित मॉनीटरिंग न करने पर गंभीर नाराजी व्यक्त करते हुए सीडीओपी केसला योगेश घाघरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने व तीन दिवस का अवैतनिक करने के साथ एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के निर्देश दिये।
शतप्रतिशत टीकाकरण करें
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम सुखतवा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि गर्भवती माताओं व बच्चों का टीकाकरण शतप्रतिशत किया जाना सुनिश्चित करे। उन्होंने टीकाकरण व मातृत्व वंदना योजना में लक्ष्य के विरूद्ध न्यून प्रगति होने पर ब्लॉक एक्सटेंशन आफीसर गजराज सिंह चौहान व सीडीपीओ केसला से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थित फीवर क्लीनिक पृथक भवन में संचालित करने के निर्देश दिये।
आजीविका से लोगों को जोड़े
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम भगरदा में तालाब निर्माण व शहतूत की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने सहायक संचालक मत्स्य एके डांगीवाल को निर्देशित किया कि वे मत्स्य उत्पादन हेतु अधिक से अधिक मत्स्य पालको को जोड़े साथ ही उन्होंने एसडीएम इटारसी को निर्देशित किया कि वे रेशम विभाग के साथ समीक्षा कर शहतूत की खेती के लिए लोगो को प्रेरित करे ताकि आजीविका हेतु अधिक से अधिक लोगो को जोड़ा जा सके।
दुग्ध शीत केन्द्र कीरतपुर का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने कीरतपुर स्थित दुग्ध शीत केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने एक्सटेंशन सुपरवाईजर को निर्देशित किया कि दूध का संग्रहण बढ़ाए तथा इस हेतु अधिक से अधिक मिल्क रूट तैयार करे। कलेक्टर श्री सिंह ने दुग्ध शीत केन्द्र में दूध संग्रहण एवं सैम्पलिंग की सूक्ष्म समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एसडीएम इटारसी सतीश राय, जनपद सीईओ केसला वंदना कैथल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









