सोहागपुर। पुलिस ने बीती रात ट्रक में छिपाकर ले जा रहे गांजे के 93 पैकेट्स पकड़े हैं। जब्त गांजे की कीमत करीब पंद्रह लाख रुपए बतायी जा रही है। आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक अरविंद सक्सेना ने पूरे मामले का खुलासा किया है।
पुलिस कप्तान अरविंद सक्सेना ने बताया कि वाहनों की लगातार चैकिंग के दौरान पुलिस को यह सफलता हाथ लगी है। पूरे जिले में पुलिस वाहन चैकिंग की लगातार कार्रवाई कर रही है। बीती रात में एएसपी राकेश खाखा के नेतृत्व एवं एसडीओपी अनिल त्रिपाठी के निर्देशन में सोहागपुर थाना प्रभारी अनूप नैन व उनकी टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान संदेह होने पर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक के भीतर से 93 पैकेज गांजे के मिले। पुलिस कप्तान अरविंद सक्सेना के अनुसार आरोपी संजीव कुमार पिता लालाराम चौधरी झांसी उत्तरप्रदेश व अप्पल पिता मुच्छल रेड्डी विशाखापट्टनम से गांजे की यह खेप बरामद की गई है। यह खेप आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से लाई गई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की कीमत 15 लाख रुपए के करीब बताई गई है। जब्त गांजे का वजन लगभग 1, 87 क्विंटल बताया जा रहा है। एसपी श्री सक्सेना ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है ।










