अखिल भारतीय महात्मा गांधी मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता
इटारसी। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में जिला हॉकी संघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय महात्मा गांधी मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता में सेंट्रल रेलवे मुंबई और मप्र हॉकी अकादमी के बीच खिताब के लिए मुकाबला होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष कल्पेश अग्रवाल ने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा रहेंगे तथा अध्यक्षता पूर्व मंत्री सरताज सिंह करेंगे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, मप्र हॉकी अकादमी के मुख्य कोच अशोक ध्यानचंद, नगर पालिका उपाध्यक्ष अरुण चौधरी रहेंगे। इससे पूर्व दोपहर 3 बजे स्टेडियम के बाहर ध्यानचंद चौराह का लोकार्पण होगा।
प्रतियोगिता में आज दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहले मैच में मध्य रेल मुंबई और रांची मेकन के बीच मुकाबला हुआ। रांची की टीम ने अपने खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया लेकिन वे अपने प्रदर्शन को गोल में नहीं बदल सके। रांची की टीम ने मैच के ज्यादातर समय दबाव बनाए रखा लेकिन मुंबई की टीम को जो अवसर मिले, उसने उसे गोल में भुनाया। मध्यांतर तक दोनों टीमें बिना कोई गोल किए बराबर रही लेकिन दूसरे हाफ के 38 वे मिनट में मुंबई के निजाम ने गोल करके निर्णायक बढ़त बनायी और अंत में मुंबई ने मुकाबला 1-0 से जीत लिया।
दूसरा मैच मप्र अकादमी भोपाल और ध्यानचंद अकादमी नागपुर के बीच खेला गया। इस मैच का पहला भाग गोल रहित रहा। दूसरे हाफ में भोपाल की टीम ने शाकिर की बदौलत 32 वे मिनट में पहला गोल बनाया। 40 वे मिनट में विकास ने दूसरा गोल कर दिया। नागपुर की टीम की ओर से मयंक ने 54 वे मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद भोपाल ने तीसरा गोल करके मुकाबला 3-1 से जीत लिया।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]

भोपाल और मुंबई को फाइनल का टिकट
For Feedback - info[@]narmadanchal.com