होशंगाबाद। जिला यातायात समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि होशंगाबाद शहर तथा जिले में यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उपाय करें। दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक बोर्ड लगाने के साथ सड़कों में सुधार तथा स्पीड ब्रोकर की व्यवस्था करें। स्कूल बसों तथा बच्चों को ले जाने वाले अन्य वाहनों की कड़ी निगरानी करें। इनमें निर्धारित संख्या से अधिक सवारी होने पर कड़ी कार्यवाही करें। स्कूली वाहनों की फिटनिश, बीमा तथा चालकों के चरित्र सत्यापन की नियमित जांच करें। बैठक में सड़कों में सुधार, बस स्टेण्ड नये स्थल पर ले जाने, दोपहिया वाहनों में हेलमेट के उपयोग तथा भारी वाहनों के शहर में प्रवेश को प्रतिबंधित करने के संबंध में निर्णय लिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आम जनता तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। स्कूल बसों में भी क्षमता से अधिक बच्चे पाये जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही करें। स्कूली बच्चों को ले जाने वाले मैजिक वाहन तथा ऑटो पर सतत निगरानी रखें। बिना परमिट पाये जाने वाले वाहनों पर कड़ी कार्यवाही करें। परिवहन अधिकारी वाहनों की नियमित जांच करें। इनके पंजीयन, बीमा तथा फिटनेश की नियमित जांच करें। सोहागपुर के पास दुर्घटना संभावित स्थल पर सड़क में सुधार तथा घुमाव कम करने का प्रस्ताव तत्काल तैयार करायें। भोपाल तिराहे तथा मीनाक्षी चौक पर यातायात सुगम बनाने के लिए तत्काल व्यवस्था करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द सक्सेना ने कहा कि भारी वाहनों के प्रवेश से शहर का यातायात प्रभावित होता है। शहर में केवल रात 10 बजे से प्रात: 8 बजे तक ही भारी वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। इसका उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। भारी वाहन विशेषकर डम्परों के शहर में प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। जिले में गत 5 वर्षों की सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण किया गया है। इनमें से 22 प्रतिशत दुर्घटनाएं रात 12 बजे से प्रात: 5 बजे के मध्य हुई हैं। सर्वाधिक 54 प्रतिशत दुर्घटनाएं ढावों के आस-पास खड़े वाहनों से हुई हैं। इसलिए निर्णय किया गया है कि सभी प्रमुख सड़को में स्थित ढाबे रात 12 बजे के बाद नहीं खुले रहेंगे। डम्परों के भी शहर में प्रवेश पर कार्यवाही की जाएगी। उचित अनुमति होने पर ही इन्हें शहर में प्रवेश दिया जाएगा। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्री अखिलेश खण्डेलवाल ने कहा कि भोपाल तिराहे के समीप तथा कोठारी मंदिर के पास रसूलिया में नये बस स्टेण्ड को प्रस्तावित किया गया है। अनुमति प्राप्त होने पर इसका शीघ्र निर्माण किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगरपालिका शहर के प्रमुख स्थलों पर पार्किंग विकसित करेगी। जिला परिवहन कार्यालय सभी महाविद्यालयों में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस बनायेगा। नगरपालिका तथा लोकनिर्माण विभाग प्रमुख सड़कों पर संकेतक तथा रिफलेक्टर लगायेगा।
बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मनोज तेहनगुरिया ने बताया कि गत बैठक में लिए गए सभी निर्णयों पर कार्यवाही की जा चुकी है। बैठक के निर्णय के अनुसार नगर के प्रमुख मार्गों का सर्वेक्षण करके उनमें स्पीड ब्रोकर बनाने के संबंध मे स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। भोपाल तिराहे में यातायात प्रबंधन के लिए नई व्यवस्था की जा रही है। शहर के सभी चौराहों का सर्वेक्षण किया गया है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल लगाने के लिए उपयुक्त तथा पर्याप्त स्थान नहीं है। जिलें भर में पिछले पांच वर्ष में हुई सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण करके उनके कारणों का पता लगाया गया है। इसके आधार पर सुरक्षा के उपाए किए जाएगें। बैठक में एडीएम श्री मनोज सरियाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शशांक गर्ग तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
यातायात को सुरक्षित तथा सुगम बनाने के उपाय करें : कलेक्टर
For Feedback - info[@]narmadanchal.com









