लाडली शिक्षा पर्व में 1168 बेटियों को दी गई छात्रवृत्ति
होशंगाबाद। पूरे प्रदेश के साथ होशंगाबाद में भी स्वर्गीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया का जन्मदिन लाडली लक्ष्मी शिक्षा पर्व के रूप में मनाया गया। शासकीय नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा ने बेटियों को छात्रवृत्ति का प्रमाण पत्र प्रदान किया। समारोह में जिले की 1168 लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को छात्रवृत्ति का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समारोह में विधायक सोहागपुर श्री विजयपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती माया नरोलिया तथा बड़ी संख्या में बेटियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना वर्ष 2006 से मध्यप्रदेश में लागू की गई। इसने बेटियों के प्रति समाज के दृष्टिकोण को बदल दिया। इस योजना ने बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा समग्र विकास का अवसर दिया है। अब कन्या के जन्म को बोझ नहीं वरदान माना जाता है। महिला सशक्तिकरण की इस प्रमुख योजना का अनुसरण कई प्रदेश कर रहे हैं।
समारोह में भोपाल में आयोजित लाडली शिक्षा पर्व के मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों का स्वागत किया। इस अवसर पर टेलीविजन प्रसारण के माध्यम से प्रदेश भर की लाडली लक्ष्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां भगवान का सबसे बडा उपहार हैं। बेटा बड़ा होकर माता-पिता की सेवा करेगा या नहीं करेगा लेकिन बेटी जब तक सांस चलेगी तब तक माता-पिता की सेवा करती हैं। उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना से पूरे प्रदेश में 26 लाख 30 हजार बेटियों को लाभान्वित किया गया है। इनके द्वारा 21 वर्ष की आयु पूरी होने पर कुल 31 हजार करोड़ रूपए का लाभ पूरे प्रदेश में वितरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी बेटियां पूरी पढ़ाई करें। पढ़ाई के लिए उन्हें छात्रवृत्ति, किताबें, साइकिल तथा मेडीकल में प्रवेश लेने पर फीस भरने की गारंटी सरकार दे रही है।
वन विभाग को छोड़कर सभी विभागों में यहां तक कि पुलिस विभाग में भी 33 प्रतिशत स्थान बेटियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पद पर रहूं चाहे न रहूं बेटियों की शिक्षा के लिए पूरे वैधानिक प्रावधान किए जा रहे हैं। बेटियों की शिक्षा में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। बेटियां अपने माता-पिता तथा गुरूओं का सम्मान करें। आप सब को आगे बढने के लिए भरपूर अवसर दिए जाएंगे। हजारों बेटियों को आज छात्रवृत्ति प्रदान करके जो खुशी मिली है उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। प्रदेश की बेटियां सदा फूलों की तरह मुस्कुराती रहें।
होशंगाबाद में आयोजित समारोह में पुलिस विभाग में भर्ती का प्रशिक्षण देने के लिए 40 बेटियों को सशक्त वाहिनी द्वारा प्रशिक्षण किट प्रदान किया गया। समारोह में श्रीमती नीरजा फौजदार, दिनेश तिवारी, उप संचालक महिला सशक्तिकरण श्रीमती मोहिनी जाधव, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी सतीश भार्गव तथा लाडली लक्ष्मियों के अभिभावक उपस्थित रहे।
योजना ने बेटियों के प्रति दृष्टिकोण को बदला – विधानसभा अध्यक्ष
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








