अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था पर रहेंगे आगामी दिन
विधानसभा अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक
इटारसी। प्रशासन के लिए आगामी दिन सफाई और अतिक्रमण हटाने पर फोकस करना होगा। इसके अलावा जो कार्य चल रहे हैं, उनमें और तेजी लाना होगी। सफाई के मामले में इतनी सख़्ती होगी कि यदि अब दुकानदार कचरा फैंकने से बाज नहीं आए तो दुकान निरस्ती की कार्रवाई तक करने के निर्देश हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने आज यहां विश्राम गृह में समीक्षा बैठक आयोजित करके अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सुबह 11 बजे रेस्ट हाउस में बैठक शुरु हुई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक गेहलोत और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, भरत वर्मा, बीजेपी मंडल अध्यक्ष डॉ नीरज जैन, जयकिशोर चौधरी, जसबीर सिंघ छाबड़ा के अलावा नपा के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
सोनासांवरी वाइन शॉप शिफ्ट होगी
सुबह रेस्ट हाउस में ग्राम सोनासांवरी की वाइन शॉप को शिफ्ट करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान आंदोलनकारी महिलाओं के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया और उनको बताया कि दुकान शिफ्ट होना है, प्रशासन भी जगह तय कर ले या फिर सोनासांवरी के लोग भी स्वयं जगह बताएं ताकि दुकान को वहां शिफ्ट की जा सके। आंदोलनकारियों के प्रतिनिधियों ने कहा है कि 7 मई को वे ग्राम के अलकनंदा मैरिज गार्डन में बैठक करेंगे और सबकी सहमति से स्थान का चयन करके बताएंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने एसडीएम से कहा कि वे प्रशासनिक तौर पर दुकान शिफ्टिंग की कार्रवाई करें।
अतिक्रमण का मसला मंगलवार को हल होगा
पिछले दिनों नाला मोहल्ला में अतिक्रमण तोडऩे पहुंचा प्रशासनिक अमला बेरंग लौट आया था। कुछ लोगों के निर्माण और अन्य बागुड़ आदि हटा दी गई थी। यहां एक प्लाट पर मकान बनने से रास्ता बंद होने की आशंका के चलते लोगों ने शिकायत की थी। आज रेस्ट हाउस में करीब एक दर्जन महिलाएं इसी मामले में आयी थीं। उनकी बात सुनी गई तथा मंगलवार को दोनों पक्षों को अपने-अपने पक्ष के कागज लेकर आने को कहा है, ताकि कागज देखकर आगे की कार्रवाई निर्धारित की जा सके। मंगलवार 9 मई को एसडीएम की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बुलाकर बात करके मामले का हल निकालेंगे।
पट्टे नहीं तो अवैध मानकर हटाएंगे
आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा से मिलने चिकमंगलूर चौराह दुकानदार संघ भी पहुंचा था। यहां के व्यापारी अपनी दुकान पक्की करना चाहते हैं। नगर पालिका से इसके लिए मंजूरी हो गई है। लेकिन कुछ व्यापारी दुकान पक्की करने की योजना में शामिल नहीं होना चाहते हैं। ऐसे में निर्देश दिए गए कि सभी के पट्टे और अन्य जो भी कागज हैं बुला लें, यदि उनके पास जगह के समर्थन में कागज नहीं हैं उन्हें अवैध घोषित करके वहां से निकालें और जल्द जल्द दुकानों को पक्की करने का कार्य प्रारंभ करें। यहां के दुकानदारों से सोमवार तक प्रीमियम जमा कराके ले आउट देने के निर्देश दिए गए है।
कचरा मिला तो निरस्त होगी दुकान
अब प्रशासन ने कचरा करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख़्त रुख अपनाने का निर्णय लिया है। आज की समीक्षा बैठक में स्पष्ट कर दिया है कि जो व्यापारी अपनी दुकान के सामने डस्टबिन नहीं रख रहा, उसकी दुकान के सामने कचरा मिल रहा है, तो अब उसे बार-बार मौका देकर कानून का मजाक बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे व्यापारी की दुकान का सख्ती से आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। आज उस व्यापारी को भी राहत नहीं मिली जिसकी दुकान पिछले दिनों नगर पालिका ने लगातार हद से बाहर सामान रखने पर निरस्त की थी। निर्देश दिए कि उस दुकान को नीलम किया जाए। दरअसल, कमल जैन नामक व्यापारी की दो दुकानों पिछले दिनों निरस्त की गई थीं, आज जैन परिवार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा से मिलने आए तो उसे दो टूक सुनने को मिली। लगातार आदेशों की अवहेलना और कानून का मज़ाक बनाने वाले व्यापारी को यहां से भी राहत नहीं मिली है। इसी तरह की सख़्ती अब उन दुकानदारों के साथ भी की जाएगी जो लगातार चेतावन के बावजूद कचरा फैंककर गंदगी फैलाते हैं। खासकर रेलवे स्टेशन के सामने की गुमटी वालों के विषय में विधानसभा अध्यक्ष ने सख़्त आदेश दिए हैं कि उनको लगतार चेतावनी के बाद वे कचरा फैंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। अब एकमात्र चारा बचता है, कि उनकी गुमटी निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए।
इन पर भी हुई चर्चा
दोषियान कंपनी ने जल आवर्धन योजना के तहत 20 मई तक पानी इटारसी लाने का भरोसा दिलाया है। कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा, बहुत कम काम बचा है। ऑडिटोरियम के विषय में सीएमओ सुरेश दुबे ने बैठक में बताया कि वहां काम काफी तेजी से चल रहा है और जल्द से जल्द काम पूर्ण हो जाएगा। स्टेशनगंज स्कूल के काम्पलेक्स को एकमुश्त नीलम किया गया। संबंधित व्यापारी को जल्द से जल्द वहां काम शुरु करने को कहने के निर्देश दिए। बीओटी के विषय में बताया है कि नगर तथा ग्राम निवेश विभाग से प्रस्ताव भेजकर एनओसी मांगी है। 3-4 दिन में एनओसी मिलने की उम्मीद है। तालाब में रिटेनिंग वॉल निर्माण, गहरीकरण और आरसीसी बुर्ज निर्माण पूर्ण हो चुका है। दो जगह आरसीसी घाट और अपर पाथ-वे निर्माण प्रगति पर है।
सोनासांवरी वाइन शॉप होगी शिफ्ट, कचरा मिला तो होगी दुकान निरस्त
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








