इटारसी। आरपीएफ के एक हेड कांस्टेबल के घर से चोरों ने हजारों रुपए का माल उड़ा लिया। घटना के वक्त हेड कांस्टेबल विदिशा में ड्यूटी पर थे जबकि उनकी पत्नी मायके गई थी। घटना 12 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच की बतायी जा रही है। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीन बंगला रेलवे कालोनी में रहने वाले आरपीएफ के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र प्रसाद उपाध्याय 12 अप्रैल को विदिशा ड्यूटी पर गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी भी मायके गई थी। बीती रात जब जितेन्द्र घर वापस लौटे तो घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि चोर घर के पीछे से खिड़की की रॉड तोड़कर भीतर घुसे थे। उन्होंने बताया कि उनके घर में चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी चोरों ने उनके यहां से आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था।
उन्होंने बताया कि चोर उनके घर के भीतर अलमारी से एक मंगलसूत्र, सोने की चूड़ी, चांदी के सिक्के, कपड़े सहित करीब साठ हजार का माल उड़ा ले गए हैं। पुलिस ने जितेन्द्र उपाध्याय की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हवालदार थे ड्यूटी पर, चोर घर साफ कर गए
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








