इटारसी। सद्गुरु ब्रह्म स्वरूप संत बाबा गेलाराम जी साहेब के 96वें जन्मोत्सव पर मालवीय गंज स्थित संत बाबा गोदड़ी वाला धाम में 11 दिवसीय नि:शुल्क इंटीग्रेटेड योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ।
बाबा गोदड़ी वाला धाम समिति के तत्वाधान में आयोजित इस शिविर में पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा साधकों को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। इस 11 दिनी आयोजन में विशेषज्ञों द्वारा केवल व्यायाम ही नहीं, बल्कि पूर्ण चिकित्सा पद्धति पर ध्यान दिया जा रहा है।
- निशुल्क परामर्श : योग चिकित्सा एवं प्राकृतिक उपचार हेतु विशेषज्ञों की सलाह।
- स्वास्थ्य जांच : बीपी, ब्लड शुगर आदि की नि:शुल्क जांच की सुविधा।
- मानसिक स्वास्थ्य : ध्यान और मानसिक शांति के लिए विशेष सत्र।
- रोगानुसार अभ्यास : आंखों, माइग्रेन, थायराइड, दमा, ब्लड प्रेशर और जोड़ों के दर्द साइटिका, सर्वाइकल के लिए विशेष योगिक क्रियाएं।
- समय सारणी : शिविर प्रतिदिन प्रात: 6 बजे से 7:30 बजे तक नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर भारत स्वाभिमान के राज्य संगठन मंत्री मोहन गौर, राज्य संवाद प्रभारी कमलेश गौर, डॉ. विवेक भदौरिया नर्मदापुरम, माखनलाल चौधरी और राकेश गौर, माधव दास चेलानी, उत्तम राव, ओमप्रकाश पटेल, रामलाल उमरिया, धु्रव सिंह, अशोक मालवीय, रामानुज मौर्य, ओपी यादव, शैलेंद्र मौर्य, डॉ. कुलभूषण खोसला और केके सोनी सहित बड़ी संख्या में योग साधकों ने सहभागिता की।
योग सत्र के पश्चात जिला एवं तहसील स्तरीय मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए नियमित योग क्लासों के संचालन, नए शिक्षक प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन और संगठन विस्तार का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर केके सोनी का विशेष सम्मान किया। उन्होंने हाल ही में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की आजीवन सदस्यता 1 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर ग्रहण की है। समिति के सदस्यों ने करतल ध्वनि से उनका आभार व्यक्त किया।








