इटारसी। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुरानी इटारसी के त्रिशला नंदन गार्डन में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। सिम्स कॅरियर हॉस्पिटल भोपाल के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर में लगभग 200 महिलाओं ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार गुप्ता, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति बाथरी और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलेश बनसोडे सहित भोपाल के प्रतिष्ठित डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। परीक्षण के साथ-साथ महिलाओं को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया और काउंसलिंग सत्र के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
समापन सत्र में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे एवं पार्षद राहुल प्रधान ने डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मान पत्र भेंट किए। नपा अध्यक्ष ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। प्रभारी परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला के निर्देशन और मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर के सफल संचालन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिविर को सुव्यवस्थित बनाने में आंगनवाड़ी सुपरवाइजर अर्चना बस्तरबार, रेखा चौरे और क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।









