इटारसी। कोरोना काल से निरंतर जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध करा रही खाटू श्याम रसोई द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मनीष ठाकुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के 41 पत्रकारों का अभिनंदन किया, जिन्होंने अपनी लेखनी से रसोई के मानवीय प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नपाध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद पगार एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। डॉ. सीतासरन शर्मा ने रसोई की निरंतरता को असंभव को संभव करने वाला सेवा का उदाहरण बताया। नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि शहर में दिन में दीनदयाल रसोई और रात में खाटू श्याम रसोई सेवा की मिसाल पेश कर रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार सुनील बाजपेई ने किया। संचालक मनीष ठाकुर ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और मीडिया के समर्थन से ही यह सेवा निरंतर जारी है। आप सभी का सहयोग ही हमें निरंतर सेवा की प्रेरणा देता है। जनसहयोग से यह रसोई आगे भी चलती रहेगी।









