इटारसी। शहर के समीप स्थित डीओसी प्लांट खेड़ा परिसर में शनिवार रात एक दुखद हादसा हो गया। यहां अचानक गिरने से आई गंभीर चोटों के कारण एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव 50 वर्ष, पिता मदनलाल मसकोले, निवासी साईं की बगिया के पीछे, न्यास कॉलोनी इटारसी, खेड़ा स्थित डीओसी प्लांट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान वे अचानक असंतुलित होकर गिर पड़े। गिरने से उन्हें शरीर और सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मृतक के भाई राकेश मसकोले 45 वर्ष ने पुलिस को दी। इटारसी पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया है।








