इटारसी। 69 वीं राज्य स्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता का शुभारंभ आज इटारसी में हुआ। इस अवसर पर मार्चपास्ट इटारसी शहर में देखने को मिला, जिसमें 10 संभागों से आए लगभग 450 खिलाडिय़ों ने रोड मार्च कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का परिचय दिया।
ऑडिटोरियम में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सीतासरन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष मध्य प्रदेश विधानसभा एवं विधायक नर्मदापुरम रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्शन सिंह चौधरी, सांसद लोकसभा ने की, जबकि श्रीमती माया नारोलिया, सांसद राज्यसभा, और पं. गिरजा शंकर शर्मा, अध्यक्ष मध्य प्रदेश तीरंदाजी संघ, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मंच पर पंकज चौरे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद इटारसी, एसडीएम नीलेश कुमार शर्मा, तहसीलदार शक्तिसिंह तोमर, एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा एवं नगर पुलिस निरीक्षक गौरव बुंदेला भी मौजूद रहे।

खेलों का नया स्थल और कार्यक्रम की जानकारी
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी वंदना रघुवंशी ने बताया कि यह प्रतियोगिताएं 4 तारीख से 8 तारीख तक आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि बारिश को देखते हुए खेल के ग्राउंडों का स्थान परिवर्तन किया गया है। आर्चरी की प्रतियोगिता अब गांधी मिनी स्टेडियम के स्थान पर वीर सावरकर स्टेडियम में होगी। यहां समस्त व्यवस्थाएं कल तक दुरुस्त कर दी जाएंगी और कल सुबह 11 बजे प्रतियोगिताएं प्रारंभ होंगी।
विशेष अतिथि के रूप में डीके विद्यार्थी, अशोक कुमार यादव विश्वामित्र मध्य प्रदेश शासन, राहुल सोलंकी पूर्व मंडल अध्यक्ष, और विकास नारोलिया पूर्व मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने इस मौके पर खेलेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया नारे पर विशेष जोर दिया। शासकीय सांदीपनि विद्यालय एवं सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। पंकज चौरे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।








