ग्राम धुरपन में खेत में काम कर रहे किसान को मेड़ पर बने बिल में बैठे एक बड़े साँप के दिखने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह साँप घोड़ा पछाड़ (इंडियन रैट स्नेक) प्रजाति का था और यह जहरीला नहीं होता है।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश पर, सर्पमित्र अभिजीत, सचिन दुलारे और सूरज अहिरवार की टीम तुरंत ग्राम धुरपन पहुँची। किसान पीयूष चौहान ने सूचना दी थी कि जब वह अपने खेत में बखरनी का कार्य कर रहे थे, तभी उन्हें खेत की मेड़ पर बने एक बिल में से यह साँप मुँह बाहर निकालकर बैठा दिखाई दिया।
टीम ने बिल में छिपे करीब 8 फीट लंबे इस (नॉन-वेनॉमस) घोड़ा पछाड़ साँप को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद, साँप को उसके प्राकृतिक आवास में पुनर्वास के लिए वनपरिक्षेत्र के सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।









