केसला। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, विकासखंड केसला के तत्वावधान में बुधवार, 17 दिसंबर 2025 को पेंशनर्स डे के अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपने अनुभवों को साझा किया और वरिष्ठ साथियों का अभिनंदन किया।
वरिष्ठ पेंशनर का अभिनंदन
समारोह के मुख्य आकर्षण 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पेंशनर भूरेलाल उइके रहे। एसोसिएशन द्वारा उनके लंबे सेवाकाल और समाज के प्रति बहुमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें पुष्पहार, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की।
अधिकारों और सामाजिक भूमिका पर चर्चा
अध्यक्षता विकासखंड अध्यक्ष माखनलाल नागेश ने की। संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर्स समाज के अनुभवी स्तंभ हैं और उनके सम्मान को सुरक्षित रखना समाज का दायित्व है। कार्यक्रम में पेंशनर्स के अधिकारों और उनकी सामाजिक सक्रियता को बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से भगवती प्रसाद महालहा, सुरेश सिंह ठाकुर, विट्लराव सूर्यवंशी, मदनलाल यादव, जगदीश प्रसाद यादव, भैयालाल मवासे आदि उपस्थित रहे।









