इटारसी। सीमित संसाधनों से हो रहे कोरोना मरीजों के उपचार के बीच आज सोमवार का दिन पावन रहा जब एक ही दिन में कई जगह से एक साथ मदद के हाथ बढ़े। विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा (MLA, Sitasaran Sharma) के परिवार से उनके भाईयों ने जो सामग्री की घोषणा की थी, वह सामग्री आज अस्पताल पहुंच गयी। सिंधी व्यापार महासंघ ने एक 20 बिस्तर का कोविड केयर सेंटर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया तो श्री पशुपतिनाथ मंदिर समिति (Shri Pashupatinath Temple Committee) ने भी कोविड मरीजों के लिए पचास हजार रुपए प्रशासन को प्रदान किये।
दवा, उपकरण हेतु मिली राशि

इटारसी चिकित्सालय में पूर्व में पदस्थ आईलीन फिलिप्स स्टाफ नर्स की स्मृति में उनके भाई अल्बर्ट फिलिप्स ने शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में रोगियों के लिए आवश्यक दवाइयां एवं उपकरण खरीदने हेतु 25000 रुपए का चेक सचिव रोगी कल्याण समिति इटारसी के माध्यम से चिकित्सालय को भेंट किया है।
पेंशन की राशि से की सहायता

इटारसी चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर डीजे ब्रह्मचारी (Doctor DJ Brahmachari) की माताजी ने अपनी पेंशन से अस्पताल को कुछ सामग्री भेंटकर सहायता दी है। उन्होंने आज अस्पताल को 1000 ग्लव्स ओर 400 मास्क भेंट किये। उनके पुत्र डॉ.डीजे ब्रह्मचारी ने ये सभी सामग्री डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय को प्रदान कर दी है।
मंदिर के अध्यक्ष ने दिये 50 हजार

आज सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्री पशुपतिनाथधाम मंदिर समिति के अध्यक्ष मेहरबान सिंह चौहान ने कोविड-19 महामारी की विषम परिस्थितियों का सामना कर रहे मरीजों के लिए एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी को 50,000 रुपये दिए। इस अवसर पर आचार्य मधुसूदन शास्त्री, पप्पू पटैल, योगेश विश्वकर्मा एवं शशांक मालवीय मौजूद रहे।
संयुक्त व्यापार महासंघ ने दिये 21 हजार

अनुविभागीय दंडाधिकारी सम्मानीय मदन सिंह रघुवंशी (Madan Singh Raghuwanshi) को आज स्थानीय रेस्ट हाउस में संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष दीपक हरिनारायण अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक लालवानी, सचिव सन्मुखदास सन्नी चेलानी, युवा शाखा अध्यक्ष लकी गुरयानी, सचिव अर्जुन भोला ने फ्लो मीटर हेत 21000 रुपए सहयोग राशि भेंट की है।








