इटारसी। पथरोटा थानांतर्गत दो अलग-अलग घटनाएं, अलग-अलग गांवों में हुई। ग्राम नयागांव में एक ग्रामीण को गांव के ही व्यक्ति ने गालियां दीं, मुक्कों से मारा और फिर धारदार हथियार से हमला किया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी तरह से एक अन्य गांव टांगना में न सिर्फ गालियां दीं तथा मारपीट की बल्कि दांत से भी काटकर चोट पहुंचायी है। दोनों ही मामलों की शिकायत पथरोटा थाने में दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नयागांव के रामस्वरूप पिता महेश यादव ने शिकायत दर्ज करायी है कि रूपेन्द्र पिता महेश यादव ने उसे न सिर्फ गालियां दीं, बल्कि मुक्कों से मारा और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से चोट पहुंचायी है। ग्राम टांगना के रुक्को काजले के घर के सामने मानसिंह पिता हजारीलाल कासदे के साथ मुल्लू सिंह नागले ने पुरानी बात को लेकर मारपीट की, गालियां दीं और दांत से काटकर चोट पहुंचायी। पुलिस ने दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।









