---Advertisement---

चारपहिया वाहन लेकर हथियारों से लैस रात में घूमते हैं रेत ठेकेदार के गुर्गे, केसला पुलिस से ग्रामीण नाराज

By
On:
Follow Us

इटारसी। केसला ब्लॉक में रात के समय रेत ठेकेदार के गुर्गों का राज रहता है। रेत और शराब ठेकेदार के गुर्गे हथियारों से लैस रात में ग्रामीण अंचलों में घूमते रहते हैं, जिससे ग्रामीणों में पुलिस को लेकर गुस्सा है। दो सप्ताह पूर्व शराब ठेकेदार के गुर्गों ने ग्रामीण के साथ मारपीट की थी, लेकिन पुलिस ने मामले में रस्म अदायगी कर दी। बीती रात चीपखेड़ा के पास तीन चार पहिया वाहनों में हथियारों से लैस ठेकेदार के गुर्गे घूम रहे थे, ग्रामीणों ने पुलिस को खबर की, पुलिस ने फिर रस्म अदायगी कर दी।

ग्राम पंचायत चारटेकरा के सरपंच का कहना है कि पुलिस की भूमिका संदिग्ध है, ऐसे में ग्रामीणों में भय का माहौल है।

जीप पलटी, वाहन में मिली लाठियां और हथियार

ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 3 बजे तीन चारपहिया वाहनों में कुछ लोग गांव में चक्कर काट रहे थे, इस दौरान एक जगह गड्ढे में उनकी जीप क्रमांक एमपी 14, जेडडी, 7559 पलट गयी। दो वाहनों में लोग यहां से चले गये। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सरपंच दुर्गेश धुर्वे को दी। उन्होंने ग्रामीणों के साथ पहुंचकर देखा और पुलिस को खबर की। वाहन में करीब एक दर्जन लाठियां, लोहे की रॉड और बल्लम थे। इन हथियारों को देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रविवार-सोमवार की आधी रात पलटी जीप

कोर कमेटी सरपंच संघ केसला ने जनपद पंचायत केसला के सीईओ तथा थाना प्रभारी केसला को आवेदन देकर शासकीय कार्य में बाधा एवं धमकाने की शिकायत की है। ग्राम पंचायत चारटेकरा के सरपंच दुर्गेश धुर्वे ने बताया कि ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम कासदाखुर्द में पंचायत द्वारा शासकीय नाली का निर्माण कराया जा रहा है। लेबर और मिस्त्री काम कर रहे थे कि दो अपरिचित लोग कार्यस्थल पर पहुंचे और काम बंद करने को कहा। उन्होंने पूछा कि रेत कहां से ला रहे हो, ग्रामीणों ने जवाब में कहा कि गांव की नदी से वे लोग डराकर कहने लगे कि पूरे जिले में हमारा ठेका है, उन्होंने साथियों को बुला लिया। इधर ग्रामीणों ने भी सरपंच दुर्गेश धुर्वे को बुला लिया। सरपंच ने डायल-100 को बुलाया तो उन्होंने थाना प्रभारी से बात की, थानाप्रभारी ने सबको थाने बुलाकर मामला खत्म कराया।

शासकीय कार्य हो रहे प्रभावित

कोर कमेटी सरपंच संघ ने जनपद पंचायत सीईओ केसला को एक आवेदन देकर अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और वसूली रोकने की मांग करते हुए ग्राम पंचायत को संरक्षण देने की मांग की है। सरपंच संघ ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं जिसमें निर्माण कार्य शौचालय निर्माण, सीसी रोड निर्माण, आंगनवाड़ी, प्रधानमंत्री आवास जैसी योजना शामिल हैं और केसला ब्लॉक में संविधान की पांचवी अनुसूची के तहत अधिसूचित है, जहां पेसा कानून लागू है, समस्त अधिकारी ग्रामसभा को प्राप्त हैं। परंतु यहां अवैध रेत उत्खनन करने वाले सक्रिय हैं जिनसे रेत ठेकेदार फर्जी रसीद काटकर पैसा वसूलते हैं। पंचायत के निर्माण में लग रही रेत पर भी अवैध वसूली का दबाव बनाते हैं, जिससे सरपंच और ग्रामसभा के अध्यक्ष में नाराजी है। सरपंच संघ ने मांग की है कि अपनी ग्राम पंचायत के सीमा क्षेत्र में उपलब्ध रेत का इस्तेमाल ग्राम पंचायत में संचालित शासकीय निर्माण कार्य में उपयोग करने की स्वतंत्रता दी जाए।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.