इटारसी। देवाधिदेव महादेव भगवान शंकर के अवतार जगतगुरु आदि शंकराचार्य का जयंती महोत्सव आज 2 मई, शुक्रवार को, दशनाम गोस्वामी समाज युवा संगठन ने आस्था और उल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर नर्मदापुरम संभाग के दशनाम गोस्वामी समाज के सदस्यों ने श्री द्वारकाधीश मंदिर से जुलूस निकाला।
मंदिर प्रांगण में सुबह 10 बजे सभी एकत्र हो गए थे। यहां पूजा अर्चना के पश्चात शोभायात्रा प्रारंभ हुई जिसमें जगद्गुरु आदि शंकराचार्य की प्रतिमा की झांकी सजाई गई थी। भगवान शंकर पार्वती के सुंदर स्वरुप में कलाकारों के द्वारा चलित झांकी में भक्तिमय नृत्य किया जा रहा था, जो पूरे बाजार क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना। शोभा यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे राष्ट्रीय संत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 मुकेशानंद जी महाराज उज्जैन के दर्शन करने शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जगह-जगह उनका पुष्प माला से स्वागत किया तो कहीं पुष्पवर्षा की गई।
श्री द्वारिकाधीश मंदिर से प्रारंभ जगतगुरु शंकराचार्य जी की शोभायात्रा मुख्य कार्यक्रम स्थल ऑडिटोरियम भवन पहुंची। ऑडिटोरियम भवन में आयोजित मुख्य जयंती समारोह में सर्वप्रथम जगतगुरु आदि शंकराचार्य जी की सामूहिक आरती की गई एवं ओम नमो नारायण हर हर महादेव के जयकारे लगाये। कार्यक्रम संयोजक कन्हैया गोस्वामी के संचालन में समारोह प्रारंभ हुआ जिसमें महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 मुकेशानंद गिरी महाराज उज्जैन, नित्यानंद महाराज, सुश्री वैष्णवी गोस्वामी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, विधायक प्रतिनिधि एवं नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल चौरे, व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक अग्रवाल एवं समस्त अतिथियों का स्वागत सम्मान किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने अपने संबोधन में कहा कि जगतगुरु आदि शंकराचार्य के बताए हुए सन्मार्ग पर सभी समाज को संगठित होकर सनातन धर्म की रक्षा करना चाहिए। इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि जगतगुरु आदि शंकराचार्य ने हिंदू सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए देश में चार मठ की स्थापना की उन्होंने जो संदेश दिए उस पर हम सबको चलना चाहिए। प्रवचनकर्ता सुश्री वैष्णवी गोस्वामी विदिशा एवं नित्यानंद महाराज नरसिंहपुर ने भी अपने संबोधन में देश के वर्तमान वातावरण पर सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि दशनाम गोस्वामी समाज ने हमेशा अपने आराध्य जगतगुरु आदि शंकराचार्य मार्क पर चलते हुए धर्म का प्रचार और पालन किया है अब हम सब हिंदू सनातन को एकजुट होना है। इस अवसर पर दशनाम गोस्वामी समाज युवा संगठन इटारसी द्वारा समाज की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के अध्यक्ष मिथिलेश गोस्वामी, सचिव कन्हैया गोस्वामी, उपाध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी, कोषाध्यक्ष एवं पार्षद दिलीप गोस्वामी, महिला संगठन अध्यक्ष श्रीमती आशा गोस्वामी के साथ ही समस्त संगठन कार्यकर्ताओं का अनुकरणीय योगदान रहा। कन्हैया गोस्वामी ने जगत गुरु आदि शंकराचार्य की 21 फीट ऊंची प्रतिमा श्री श्री बूढ़ीमाता मंदिर प्रांगण में स्थापित करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष से जगह प्रदान करने की मांग की जिस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के संज्ञान में इस बात को रखने का आश्वासन दिया।









