इटारसी। पुरानी इटारसी के आजाद चौक की तरह ही सूरजगंज चौराह में भी जाम की समस्या अब आम हो चली है। यहां लंबे समय तक वाहन जाम में फंसे रहते हैं। संकरा चौराह होने से ट्रैफिक कर्मियों को जाम खोलकर यातायात सुचारू करने में मशक्कत करनी पड़ती है। इसके साथ ही इस संकरी रोड पर किनारे खड़े वाहनों के कारण ही जाम की स्थिति बनती है। आज भी यही हालात रहे।
दरअसल शहर में अव्यवस्थित बसाहट होने से भी यहां यातायात की बड़ी समस्या बन जाती है। वाहनों के सड़क पर ही बेतरतीब खड़े होने से लोगों को परेशानियों का सामान करना पड़ता है। रेलवे स्टेशन से सूरजगंज चौराहा के बीच सूरजगंज-एसबीआई, फ्रेन्ड्स चर्च मोड़, ऑडिटोरियम, आरएमएस चौक के अलावा स्टेशन के यूनियन ऑफिस चौराहे पर सबसे अधिक जाम लगता है।
सूरजगंज चौराह पर जाम लगने से सूरजगंज से एमजीएम कॉलेज, सूरजगंज से मालवीयगंज, सूरजगंज से सोनासांवरी और सूरजगंज से रेलवे स्टेशन मार्ग पर लंबे समय तक यातायात अवरूद्ध रहता है। इसके स्थायी समाधान के प्रयास होना अब जरूरी हो चला है।









