- सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण, केसला ब्लॉक में रचा गया इतिहास
इटारसी। नगर से सटे गांव गोंचीतरोंदा का बोर्ड परीक्षा का परिणाम शतप्रतिशत रहा है। केसला ब्लॉक के आदिवासी अंचल के शासकीय हाई स्कूल, गोंची तरोंदा ने इस वर्ष की हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम के साथ सभी विद्यार्थियों को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कराया है। यह उपलब्धि लगातार तीसरे वर्ष मिली है, जिससे विद्यालय ने सफलता की हैट्रिक बना ली है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर अभ्यंकर ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 10 वीं में कुल 17 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से सभी 17 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और खास बात यह रही कि सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इस परीक्षा में सर्वाधिक अंक 90 प्रतिशत रहे, जो विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों की गुणवत्ता को दर्शाते हैं।
केसला ब्लॉक के इस विद्यालय का यह परिणाम जिले ही नहीं, पूरे नर्मदापुरम संभाग के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। आदिवासी क्षेत्र के इस विद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करना एक सकारात्मक संकेत है। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए विभाग के संभागीय उपायुक्त जेपी यादव, सहायक आयुक्त संजय द्विवेदी एवं सहायक संचालक द्वारा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभ्यंकर एवं समस्त शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को बधाई प्रेषित की गई है।









