इटारसी। 2687 मदुरै-देहरादून एक्सप्रेस के नीचे आए एक फौजी की जान, प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे टीसी ने बचायी। दरअसल इस ट्रेन का यहां हाल्ट नहीं है, लेकिन किसी कारण से यह प्लेटफार्म 3 पर रोकी गई थी। ट्रेन रुकते ही इसके यात्री भी प्लेटफार्म पर उतरकर खरीदारी करने लगे। इस बीच अचानक बिना सीटी के ट्रेन चल दी तो यात्रियों में भगदड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी में ट्रेन के कोच 09213 में सफर कर रहा एक आर्मी जवान फिसलकर ट्रेन के नीचे जा घुसा। जैसे ही वहां ड्यूटी कर रहे टीसी प्रीतम तिवारी की नज़र पड़ी उन्होंने दौड़कर चेन पुलिंग कर दी। इस दौरान दो कोच निकल चुके थे और सेना का जवान ट्रैक और रेल लाइन के बीच दुबका रहा। सौभाग्य से उसे चोट नहीं आयी। उसे अभी नीचे से बाहर निकाला ही जा रहा था कि पुन: ट्रेन चल दी तो श्री तिवारी ने दो कोच के बीच लगी पिन को खोलकर फिर ट्रेन रोकी। जवान को बाहर निकाला और पाइंट्समेन रामगोपाल ने फिर संबंधित अधिकारियों को वाकी-टाकी से खबर की। इसके बाद ट्रेन यहां से रवाना हुई। यह सारा वाकया महज पांच से सात मिनट के बीच घट गया।
कैसे टीसी ने बचायी ट्रेन के नीचे आए फौजी की जान
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








