इटारसी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में डॉ. दीपक चौधरी के निर्देशन में स्टाफ एवं छात्राओं ने योग प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आरएस मेहरा ने कहा कि योग कई सदियों से भारतीय संस्कृति की परंपरा रही है। योग को हमारे पूर्वजों ने अनुसंधान के साथ विकसित किया है। आज योग एक वैश्विक उत्सव बन गया है योग हर एक के लिए है, संपूर्ण मानवता के लिए है।
योगाचार्य डॉ. दीपक चौधरी ने कहा कि जब हम योग को अपनाते हैं तब योग हमें स्वस्थ, सुखी एवं शांति का जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। सभी को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम विलोम, भुजंगासन, पवनमुक्तासन का प्रशिक्षण दिया। प्राचार्य डॉ. मेहरा ने प्रतिदिन योग करने का संकल्प दिलाया। योग प्रारंभ होने के पूर्व प्रात: 6 बजे अटल पथ तात्यां टोपे नगर भोपाल एवं योग संगम सामूहिक योग अभ्या्स कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभाकक्ष में देखा। इस अवसर पर पूनम साहू, रविंद्र चौरसिया, डॉ. संजय आर्य, डॉ. श्रद्धा जैन, डॉ. नेहा सिकरवार, एनआर मालवीय, एनसीसी व एनएसएस की छात्राएं उपस्थित रहीं।
एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग
भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा, नर्मदापुरम में सर्वप्रथम मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधित का सीधा प्रसारण देखा। वहीं से योगाचार्य द्वारा निर्देशित तरीकों से योगाभ्यास किया।
प्राचार्य डॉ नीता राजपूत के निर्देशन में एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम पर आयोजन हुआ। प्रारंभ में प्रभारी प्राचार्य डॉ. मंजू मालवीय ने योग के महत्व पर वक्तव्य दिया। मुख्य वक्ता डॉ प्रवीण कुशवाहा ने योगासनों का विस्तृत वर्णन किया। संचालन डॉ धीरज गुप्ता ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ राधा आशीष पांडे ने संयोजन किया। रासेया के स्वयंसेवक संकेत, पीयूष, करण, शिखा, अंजलि, कीर्ति, महक, साक्षी और अन्य स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।








