- पचमढ़ी में 9 घंटे में 130 मिमी वर्षा, तवा में 134.50 मिमी वर्षा
इटारसी। तवा बांध का जुलाई माह का निर्धारित लेबल अब महज 11 फिट दूर है और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चौबीस घंटे में नर्मदापुरम संभाग में अति भारी वर्षा की चेतावनी है। पिछले चौबीस घंटे में संभाग के जिलों में हुई भारी वर्षा के कारण बांध का जलस्तर हर घंटे करीब 1 फिट बढ़ रहा है। पानी बढऩे की यही रफ्तार रही तो जुलाई का निर्धारित जलस्तर 1158 फिट कल तक प्राप्त हो सकता है। ऐसे में पानी की मात्रा और आगामी दिनों में बारिश के आसार देखकर बांध के गेट खोलना पड़ सकते हैं।
तवा बांध में हर घंटे एक फिट पानी बढ़ रहा है। ऐसे ही पानी की रफ्तार बनी रही तो कल यानी बुधवार तक तवा बांध के गेट खुलने की स्थिति बन सकती है। हालांकि यह बारिश और बांध में आने वाले पानी की मात्रा पर निर्भर करेगा। आज पचमढ़ी में महज 9 घंटे में 130 मिमी वर्षा हुई, बैतूल में 27.2 मिमी और तवा के कैचमेंट एरिया में भी 134.50 मिमी वर्षा हुई है। ऐसे में बांध के जलस्तर में हर घंटे करीब एक फिट पानी की बढ़ोतरी हो रही है।
बांध प्रबंधन को 31 जुलाई तक बांध का जलस्तर 1158 फिट रखना है। आज मंगलवार की शाम 8 बजे बांध का जलस्तर 1146.40 फिट था। यानी गवर्निंग लेबल से यह महज 11 फिट कम है, कल भी बारिश का यही हाल रहा तो निर्धारित गवर्निंग लेबल तक पानी पहुंच जाएगा। इसके बाद भी बारिश जारी रहने तथा पानी आने की रफ्तार में तेजी होने पर बांध प्रबंधन गेट खोलने का निर्णय ले सकता है।
आज ऐसे बढ़ा जलस्तर
- सुबह 6 बजे 1137.80 फिट
- सुबह 8 बजे 1138.40 फिट
- सुबह 10 बजे 1139.10 फिट
- सुबह 12 बजे 1140.00 फिट
- सुबह 01 बजे 1140.70 फिट
- सुबह 02 बजे 1141.30 फिट
- सुबह 03 बजे 1142.30 फिट
- शाम 04 बजे 1142.80 फिट
- सुबह 05 बजे 1143.70 फिट
- शाम 06 बजे 1144.70 फिट
- शाम 07 बजे 1145.70 फिट
- शाम 08 बजे 1146.40 फिट








