नर्मदापुरम। ‘नशे से दूरी है, जरूरी’ शीर्षक से पुलिस ने विशेष जन जागरुकता अभियान प्रारंभ किया है। यह अभियान मध्यप्रदेश में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलेगा। इसका उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं छात्रों तथा नागरिकों को नशे की लत से बचना तथा नशीले पदार्थों के उपभोग से उत्पन्न दुष्परिणामो से अवगत कराना है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय नर्मदापुरम में पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने मीडिया को संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। वर्तमान में श्रावण का पवित्र माह चल रहा है, इस दौरान आगामी दिनों में पचमढ़ी में आयोजित नागद्वारी मेला आयोजित होना है जिसमें लाखों की तादात में जिले एवं सीमावर्ती प्रदेश के श्रद्धालु सम्मिलित होते हंैद्ध उक्त मेले में लोगों को बैनर, पोस्टर, पम्लेट वितरण कर, शॉर्ट फिल्म एवं नुक्कड़ नाटक कर जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस लाइन वेलफेयर सेंटर, नर्मदापुरम में छात्रावासी, एसएनजी कॉलेज, उत्कृष्ट विद्यालय के बच्चों के साथ वार्ता कर उन्हें नशे की लत कैसे पड़ जाती है, इस संबंध में बताकर, नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया एवं नशे से क्यों दूरी है, जरूरी बताया। इस दौरान बताया कि नशा केवल उस व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता है जो नशा करता है, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक संरचना को भी हानि पहुंचाता है। युवाओं को इस कुप्रवृत्ति से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। साथ ही नशा मुक्ति सहायता के लिए हेल्प लाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बच्चों को पंपलेट, नशे से दूरी है जरूरी लिखी केप एवं स्वल्पाहार का वितरण किया।
हेल्प लाइन नंबर
- मानस हेल्पलाइन – 1933
- नेशनल सुसाइड हेल्पलाइन – 14416
- नशा मुक्ति हेल्पलाइन – 14446
- मप्र पुलिस नारकोटिक्स विंग – 7049100785
कार्यक्रम में डीएसपी मोहन सारवान, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कंचन ठाकुर एवं सूबेदार ईशान रिछारिया, सूरज जमरा एवं छात्रावास अधीक्षक गंगाधर शर्मा, ध्रुव मीणा, वसंत मीना, अरविंद रघुवंशी, जय सिंह निमोदा, सालिकराम सहदेव झारवड़े उपस्थित थे। जिले मुख्यालय के अतिरिक्त थाना देहात, थाना इटारसी, थाना पथरौटा, थाना शिवपुर, थाना पचमढ़ी, थाना पिपरिया के अंतर्गत भी यह अभियान सामूहिक रूप से चलाया है, जिसमें पंपलेट वितरण, जनसंवाद, जागरूकता पोस्टर एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।








