इटारसी। नगरपालिका परिषद इटारसी के पार्षद एवं सभापति राकेश जाधव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को एक पत्र लिखकर शहर में जर्जर भवनों को तोड़ने पर हुए व्यय की वसूली की मांग की है।
अपने पत्र में सभापति जाधव ने उल्लेख किया कि शहर में जर्जर भवनों को गिराने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, जो कि सराहनीय प्रयास है। इस कार्यवाही से पहले सभी भवन मालिकों को नोटिस देकर स्पष्ट रूप से सूचित किया था कि वे अपने जर्जर भवन स्वयं गिरा लें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा यह कार्य किया जाएगा और उसकी लागत संबंधित भवन मालिक से वसूल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश अब तक किसी भी भवन मालिक से इस कार्य का खर्च वसूल नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, भवन तोड़ने की कार्यवाही के दौरान नगरपालिका की जेसीबी मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे करीब ₹5 लाख का अतिरिक्त व्यय संभावित है। यह स्थिति शासन को आर्थिक हानि पहुंचाने वाली है और इसकी भरपाई आवश्यक है। जाधव ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से भवन मालिकों से खर्च की वसूली की जाए ताकि नगरपालिका पर आर्थिक भार न पड़े और शासन के संसाधनों का दुरुपयोग न हो।








