इटारसी। हरदा कोतवाली थाने में दर्ज गुमशुदगी के दो मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने जबलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन में तलाशी अभियान चलाकर एक लापता युवती और एक युवक को सकुशल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदा से लापता हुए दो युवक-युवती जबलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर प्रभारी आरक्षक महेश, राकेश तिवारी, आरक्षक सुमित यादव, अमित कुशवाहा, शिवराज बरेला और नौशाद अली की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
टीम ने ट्रेन के सभी कोचों में गहन तलाशी ली और पीछे के जनरल कोच में बैठे गुमशुदा युवक-युवती को खोज निकाला। पूछताछ में उनकी पहचान शिवानी उर्फ सतनाम (पिता भूपेंद्र सिंह, उम्र 19 साल, निवासी जोशी कॉलोनी हरदा) और नीलेश (पिता रमेश राजपूत, उम्र 19 साल, निवासी हरदा) के रूप में हुई।
दोनों की पहचान होने पर पुलिस ने उन्हें जीआरपी थाना इटारसी में पेश किया। बाद में, हरदा कोतवाली से आई टीम को दोनों को सौंप दिया गया। इस सफलता से पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों का त्वरित समाधान किया है।









