---Advertisement---

सड़क, बिजली और स्कूल भवन की बदहाली से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से लगाई गुहार

By
On:
Follow Us

इटारसी। इटारसी तहसील के विस्थापित ग्रामों झालई, सांकई और खटामा के ग्रामीण इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। सड़क निर्माण की अधूरी घोषणा, आसमान छूते बिजली के बिल और जर्जर स्कूल भवन जैसी समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को एक आवेदन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।

7 किलोमीटर सड़क निर्माण का वादा अधूरा

ग्रामवासियों ने बताया कि प्रमुख सचिव, वन ने 26 फरवरी 2021 को नर्मदापुरम दौरे के दौरान तिलक सिंदूर मार्ग से झालई भाग-01, साकई भाग-02 से धाईंखुर्द तक 7 किलोमीटर लंबी पहुंच मार्ग बनाने का आश्वासन दिया था। जनपद पंचायत केसला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मार्ग का सर्वे होने की बात कही थी, लेकिन तीन साल से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।

जान का जोखिम उठाना पड़ रहा

सड़क न होने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों की शिक्षा बाधित हो रही है। गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुँचने में जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

बढ़ते बिजली बिलों ने तोड़ी कमर

ग्रामीणों की एक और बड़ी चिंता अत्यधिक बिजली के बिल हैं। उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों के लिए इतने महंगे बिल चुकाना संभव नहीं हो रहा है, जिससे उन्हें अपने बच्चों का पेट भरने और बिजली का बिल भरने में से एक को चुनने की मजबूरी आ गई है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी से बिजली बिलों को कम करने की अपील की है।

जर्जर स्कूल भवन और बाधित शिक्षा

ग्राम खटामा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस जर्जर भवन के कारण स्कूल के बच्चे सुरक्षित माहौल में शिक्षा ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। वर्तमान में स्कूल को आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित किया जा रहा है, जहाँ आंगनवाड़ी और स्कूल के बच्चे एक साथ बैठकर पढऩे को मजबूर हैं, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द स्कूल भवन की मरम्मत कराने की मांग की है।

अन्य प्रमुख माँगें

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में सड़क, बिजली और स्कूल भवन की समस्याओं के साथ-साथ कुछ अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी ध्यान देने का आग्रह किया है।

  • किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड और किसान सम्मान निधि का लाभ।
  • विकलांग बच्चों को मोटराइज्ड साइकिल प्रदान करना।
  • सांकई भाग-2 के बच्चों को साइकिल वितरण।
  • नल जल योजना को सुचारू रूप से चालू कराना।

ग्रामवासियों ने प्रशासन से इन गंभीर समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्यवाही करने की गुहार लगाई है, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके और उनका जीवन सुगम हो सके।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.