इटारसी। वेंडर रोशन असवारे की ट्रेन से कटकर हुई मौत के मामले में जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठने के बाद आखिरकार जीआरपी ने उस ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है, जिसके यहां रोशन काम करता था।
बता दें कि युवक की मौत के बाद उसके जेब में उज्जैन से इटारसी का टिकट रखकर उसे यात्री दिखाने की कोशिश की, जबकि घटना के समय वह इटारसी में ही था। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ है, जिससे जीआरपी विभाग में हड़कंप मच गया और स्वयं थाना प्रभारी संजय चौकने ने इसकी जांच प्रारंभ की। इसके बाद ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
क्या है पूरा मामला?
अवैध वेंडरिंग का काम करने वाले रोशन असवारे की 31 जुलाई, 2025 की रात करीब 10 बजे भोपाल आउटर पर एक ट्रेन में चढऩे के दौरान हादसे में मौत हो गई थी। शुरुआत में परिवार इसे एक हादसा ही मान रहा था, लेकिन जब उन्हें रोशन के शव के पास उज्जैन से इटारसी का टिकट मिला, तो उन्हें शक हुआ। परिवार ने जब घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो चौंकाने वाला सच सामने आया। फुटेज में रोशन असवारे 31 जुलाई की शाम 6 बजे इटारसी में ही दिखाई दिया। एक फुटेज में वह फुटब्रिज पर भी नजर आया। इससे यह साफ हो गया कि वह उज्जैन गया ही नहीं था।
दबाव बनाने का आरोप जीआरपी की जांच
परिवार ने आरोप लगाया है कि युवक रोशन ठेकेदार राजू सिंह बघेल के लिए काम करता था और घटना के बाद उसके कुछ साथी आए थे। उन्होंने परिवार पर दबाव बनाया कि वे कहें कि रोशन उज्जैन घूमने गया था, वरना मुआवजा नहीं मिलेगा और जीआरपी उसे यात्री घोषित कर देगी। इस मामले में जीआरपी की साख पर सवाल उठने के बाद, जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने खुद इस मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया और सीसीटीवी फुटेज भी देखे, जिसमें यह पुष्टि हो गई कि रोशन उज्जैन नहीं गया था।
अब जांच इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि किसने रोशन की जेब में उज्जैन से इटारसी का टिकट रखा और क्यों इस मामले को छिपाने की कोशिश की गई। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, इस पूरी घटना के पीछे के मकसद और इसमें शामिल लोगों का खुलासा होने की उम्मीद है। जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने कहा, हमने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरुआती स्थल से की है। ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है और मामले के हर एक पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।









