इटारसी। विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में एक 20 दिवसीय अल्पावधि रोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के संरक्षण में और प्रकोष्ठ की प्रभारी श्रीमती संध्या उपाध्याय तथा सह-प्रभारी आयुष सदाराम के निर्देशन में यह शिविर प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण देने के लिए श्रीमती सुरजीत बावेजा के नेतृत्व में यह शिविर चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे भविष्य में खुद का व्यवसाय शुरू करके सम्मानजनक जीवन जी सकें। शिविर में प्रतिदिन प्रशिक्षक द्वारा अलग-अलग वस्तुएं बनाना सिखाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को नई-नई कला सीखने का मौका मिलेगा।

पहले दिन ही 40 छात्र-छात्राओं ने इस शिविर में अपना पंजीकरण कराया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देता है, जो आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ हर साल इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को सशक्त बनाता है। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।









