इटारसी। शहर के रॉयल ट्रिनिटी स्कूल में आज, 29 अगस्त को, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ मनाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेलों के महत्व और मेजर ध्यानचंद के जीवन से परिचित कराना था।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देने का एक मौका है, जिन्होंने भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। बच्चों को मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी महान उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कैसे मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा और लगन से तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते और दुनिया के महानतम हॉकी खिलाडिय़ों में अपना नाम दर्ज कराया।
इस आयोजन से बच्चों में न सिर्फ खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है, बल्कि उन्हें यह भी प्रेरणा मिली है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। स्कूल का मानना है कि ऐसे आयोजन बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन और टीम वर्क की भावना भी पैदा करते हैं।









