इटारसी। भारतीय हॉकी के महानतम खिलाडिय़ों में से एक, मेजर ध्यानचंद, जिन्हें ‘हॉकी का जादूगर’ भी कहा जाता है, उनका जन्मदिन आज राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर रेस्ट हाउस परिसर में एक विशेष कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा हॉकी खिलाडिय़ों में खेल भावना को बढ़ावा देना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना था। इसी कड़ी में उपस्थित हॉकी खिलाडिय़ों को हॉकी स्टिक, किट और अन्य खेल सामग्री वितरित की गई, ताकि वे अपने खेल को और बेहतर बना सकें।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि वर्तमान में बारिश का मौसम चल रहा है, लेकिन बारिश खत्म होते ही नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने आश्वासन दिया है कि अभ्यास मैदान को दुरुस्त करा दिया जाएगा। इसके बाद बच्चे उस मैदान पर बिना किसी बाधा के अभ्यास कर सकेंगे।
कार्यक्रम में जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, जिला हॉकी संघ के उपाध्यक्ष जय किशोर चौधरी, राहुल चौरे, राकेश जाधव, जिला खेल अधिकारी उमा पटेल, कोच दीप सिंह ठाकुर, जिला हॉकी संघ के सह सचिव शैलेंद्र दुबे, पार्षद जिम्मी कैथवास, मनजीत कालोसिया, सौरभ मेहरा, गोपाल शर्मा, गौरव बड़कुर, मुकेश बोहरा (बिट्टू), हैप्पी भाटिया, अंशु यादव, विधायक प्रतिनिधि संजय राय चौधरी, संदीप तिवारी एवं हॉकी संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









