इटारसी। पूज्य पंचायत सिंधी समाज के तत्वावधान में, झूलण सेवा समिति, इटारसी द्वारा एक अभूतपूर्व पहल की गई। शहर में विगत 27 वर्षों से आयोजित हो रहे झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव से पहले, पहली बार 101 ब्राह्मणों को भोजन कराने का भव्य आयोजन किया गया।
इस आयोजन ने चालीहा महोत्सव को और भी खास बना दिया। सिंधी समाज के लिए यह एक नया और महत्वपूर्ण कदम है, जो उनके आध्यात्मिक और सामाजिक सद्भाव को दर्शाता है। इसका उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द्र को बढ़ाना है।
झूलण सेवा समिति के गोपाल सिद्धवानी ने बताया कि यह आयोजन चालीहा महोत्सव के अंतर्गत पहली बार किया गया है। इस मौके पर बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे और उन्होंने इस नेक कार्य में अपना योगदान दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक परंपराओं का सम्मान करता है, बल्कि सामाजिक एकता का भी एक मजबूत संदेश देता है।
श्री झूलेलाल चालीहा महोत्सव का समापन कल
पूज्य पंचायत सिंधी समाज के तत्वावधान में झूलण सेवा समिति द्वारा आयोजित भगवान श्री झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव का समापन कल रविवार 31 अगस्त को होगा। यह चालीहा व्रत महोत्सव 22 जुलाई से शुरू हुआ था। पूज्य पंचायत सिंधी समाज के अध्यक्ष धर्मदास मिहानी ने बताया कि रविवार को सुबह 9 बजे अख्खा साहब कार्यक्रम के बाद 1:30 बजे महाआरती और दोपहर 2 बजे से भंडारा होगा।
शाम 4:30 बजे, सिंधी कॉलोनी स्थित भगवान श्री झूलेलाल मंदिर से एक बहराणा साहब की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पूरी सिंधी कॉलोनी का भ्रमण करेगी। बहराणा साहिब की पूजा-अर्चना ठकुर साईं मनीष लाल के सानिध्य में की जाएगी। शोभायात्रा के बाद, ज्योत का विसर्जन करने के लिए सभी लोग होशंगाबाद के सेठानी घाट के लिए रवाना होंगे।









