इटारसी। फोरलेन ऑर्डनेंस फैक्ट्री रोड के पास पांच आम नामक स्थान पर, देर रात घर में सो रही एक महिला को सांप ने काट लिया। यह घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई।
घटना की सूचना मिलने पर, सर्पमित्र आमिर कुरैशी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला की हालत गंभीर है, जिसके बाद उन्होंने बिना देर किए महिला को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सर्पमित्र आमिर कुरैशी ने परिजनों से बात कर महिला का नाम अनीता धुर्वे बताया, जिनकी उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच है। इसके बाद उन्होंने सांप को ढूंढा और सुरक्षित पकड़ लिया।
कुरैशी ने बताया कि सांप कोबरा प्रजाति का था और उसकी लंबाई करीब 4 फीट थी। सांप को पकडऩे के बाद वन परिक्षेत्र को सूचना दी गई, ताकि उसे पुनर्वास के लिए सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा सके।









