इटारसी। भादो महीने में गणेश महोत्सव के दौरान पडऩे वाली ग्यारस तिथि पर बुधवार को इटारसी नगर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान बालकृष्ण को डोले में विराजित कर जल विहार के लिए निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यह डोला भगवान बालकृष्ण को लेकर जल विहार के लिए पहुंचा। गांधी नगर स्थित बालाजी मंदिर, पहली लाइन के राम जानकी मंदिर के पास स्थित आजाद चौक दुर्गा मंदिर, पुरानी इटारसी के श्री राम मंदिर और सोना सांवरी नाका क्षेत्र के माता महाकाली मंदिर सहित कई मंदिरों से डोले सजाए गए।
महिलाओं ने की विशेष पूजा-अर्चना
इस दौरान, मंदिर परिसर में सजे डोले में विराजित भगवान बालकृष्ण की महिलाओं ने विशेष पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु महिलाओं ने सामूहिक नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। दोपहर 3 बजे सोना सांवरी नाका क्षेत्र से मुख्य मार्ग पर डोला निकाला गया। पूरे रास्ते जगह-जगह महिलाओं ने बालकृष्ण की प्रतिमा की पूजा की।
शाम ढलने के बाद, नगर के विभिन्न मंदिरों से निकले सभी डोले श्री द्वारकाधीश बड़ा मंदिर में एकत्र हुए। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर भगवान बालकृष्ण के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना का लाभ लिया। इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं और बच्चे शामिल थे, जिन्होंने भक्तिभाव से भगवान का आशीर्वाद लिया।










