नर्मदापुरम। माखननगर पुलिस ने एक महिला से नोट बदली के नाम पर 12,000 रुपये की धोखाधड़ी और झपटमारी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी की पहचान मेहन्दी हसन ईरानी के रूप में हुई है, जो मुंबई के विभिन्न थानों में कई गंभीर अपराधों में वांछित है।
यह घटना माखननगर थाने के तहत नसीराबाद रोड पर स्थित एसकेएम एग्रो मॉल में हुई, जहां आरोपी ने काउंटर पर काम करने वाली एक महिला को बहला-फुसलाकर 500 रुपये के नोटों की गड्डी में से 24 नोट निकाल लिए और फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अप.क्र. 531/2025 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
माखननगर थाना प्रभारी (टी.आई.) मदनलाल पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान कर उसकी तलाश में टीम रवाना हुई। इस दौरान, पिपरिया और स्टेशन रोड पिपरिया थानों के टी.आई. गिरीश त्रिपाठी और आदित्य सैन को भी सूचना दी गई, जिनकी मदद से आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम मेहन्दी हसन ईरानी (40 वर्ष), निवासी थाणे (मुंबई) बताया। उसने यह भी खुलासा किया कि इस वारदात को उसने नर्मदापुरम निवासी बोलू उर्फ जाहिद के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से झपटे गए रुपयों में से 6,000 रुपये बरामद किए, जबकि उसने 2,000 रुपये खर्च करने और 4,000 रुपये दूसरे साथी के पास होने की बात कबूली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मेहन्दी हसन एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ जिला थाणे, नवी मुंबई और बिरिहन मुंबई सिटी (महाराष्ट्र) में लूट, धोखाधड़ी, गबन और चोरी जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जिसके बाद उसे जिला जेल नर्मदापुरम भेज दिया गया। इस सराहनीय कार्रवाई में टी.आई. मदनलाल पवार, टी.आई. गिरीश त्रिपाठी, टी.आई. आदित्य सैन, उनि अशोक वरबडे, सउनि वीरेंद्र शुक्ला सहित पूरी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









