नर्मदापुरम। धार्मिक आस्था और भक्ति के केंद्र सेठानीघाट पर हर पूर्णिमा को आयोजित होने वाली मां नर्मदाजी की महाआरती भाद्रपद पूर्णिमा के पावन अवसर पर सम्पन्न हुई।
इस बार खग्रास चन्द्र ग्रहण के योग के कारण, जो शाम को लगने वाला है, आरती के समय में विशेष बदलाव किया गया। महाआरती के संयोजक प्रशांत मुन्नू दुबे ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल से पहले ही पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान कर लेना शुभ माना जाता है। इसी कारण, सायंकाल होने वाली महाआरती को पूर्णिमा की सुबह प्रात: 6:30 बजे ही सम्पन्न कर दिया गया।
इस विशेष आयोजन में विद्वान विप्रजनों ने मिलकर मां नर्मदाजी का विधि-विधान से पूजन किया। शंखनाद और घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच पंचमुखी दीपों से मां की भव्य आरती उतारी गई।









