इटारसी। पितृ पक्ष के दौरान भगवान गणेश की पूजा करने की एक अनूठी परंपरा इटारसी में पिछले 90 वर्षों से चली आ रही है। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर परिसर में, हर साल पितृ पक्ष में गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जिन्हें ‘मस्करा गणेश’ के नाम से जाना जाता है।
यह अनूठी प्रथा स्वर्गीय प्रीतम चंद्र गौर ने शुरू की थी। उनके निधन के बाद, उनके पुत्रों राजकुमार गौर, अरुण गौर और स्वर्गीय विजय गौर ने इस परंपरा को जारी रखा। वर्तमान में, उनकी अगली पीढ़ी के सदस्य जितेंद्र गौर और ईशान गौर इस भव्य आयोजन की जिम्मेदारी निभाते हैं।
रिद्धि-सिद्धि साथ विराजे मस्करा गणेश
प्रमुख कार्यकर्ता ईशान गौर ने बताया कि हर वर्ष गणेश जी के साथ उनकी पत्नियों रिद्धि और सिद्धि की प्रतिमा भी स्थापित की जाती है, जो इस आयोजन को और भी खास बनाती है। यह परंपरा इस बात का प्रतीक है कि पितृ पक्ष के दौरान भी शुभ कार्यों का महत्व बना रहता है। इस गणेश उत्सव के दौरान, हनुमान मंदिर की भव्य सजावट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मंदिर को खूबसूरती से सजाया गया है, जिससे यहाँ का वातावरण और भी भक्तिमय हो गया है।
रविवार को सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भी मंदिर पहुँचकर मस्करा गणेश जी के दर्शन किए और इस अनूठी परंपरा की सराहना की। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह परिवार की पीढ़ियों द्वारा विरासत में मिली एक महत्वपूर्ण परंपरा को भी दर्शाता है।










