केसला। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए केसला थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी ग्रामों के सरपंच और दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में डॉ. रामकिशोर यादव, तुलाराम यादव, कन्हैया सराठे, अमरनाथ सरपंच, श्याम यादव, अमित मालवीय, कन्हैया दामले, शांतनु तिवारी, प्रभांशु कामले, अंकित राजपूत, सूरज कटारे, अजय साहू, भूरेलाल उईके, अंकित श्रीवास, आकाश कामले, राहुल चौहान, राजीव चौहान सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक के मुख्य बिंदु बैठक की अध्यक्षता कर रहे थाना प्रभारी, एएसआई बड़कुर ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया। इस दौरान, पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
ये निर्णय लिए बैठक में
- डीजे संचालन : डीजे के उपयोग के लिए निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
- असामाजिक तत्व : असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और उन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
- पंडाल व्यवस्था : पंडाल इस तरह लगाए जाएंगे कि उनसे यातायात या दुकानों के संचालन में कोई बाधा न आए।
- सुरक्षा व्यवस्था : आग से बचाव के लिए पंडालों में रेत और पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य होगी।
- विद्युत सुरक्षा : बिजली की व्यवस्था सुरक्षित और सुचारू होनी चाहिए, ताकि करंट लगने या किसी अन्य दुर्घटना का खतरा न रहे।









