इटारसी। मुस्कान संस्था, इटारसी ने शनिवार को ईश्वर रेस्टोरेंट में एक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम एसडीएम (भा.प्र.से.) टी. प्रतीक राव और उनकी धर्मपत्नी पिपरिया एसडीएम अनिशा श्रीवास्तव के स्थानांतरण पर आयोजित किया था।
बच्चों के हाथ के बने ग्रीटिंग कार्ड ने किया भावुक
समारोह में संस्था के बच्चों ने अपने हाथों से बने ग्रीटिंग कार्ड अधिकारियों को भेंट किए। बच्चों की इस मासूम भावना को देखकर दोनों अधिकारी भावुक हो गए। इन कार्डों को स्वीकार कर उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई, जिससे पूरा माहौल भावनात्मक हो गया। इस अवसर पर एसडीएम अनिशा श्रीवास्तव ने बच्चों से कहा, ‘आप सब मुस्कुराते रहिए, हमारी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं।’ वहीं, एसडीएम प्रतीक राव ने कहा कि मुस्कान संस्था के बच्चों के साथ बिताए पल उनके जीवन के अमूल्य अनुभव हैं। उन्होंने वादा किया कि जब भी इटारसी आएंगे, बच्चों से जरूर मिलेंगे।
अधिकारियों की हुई सराहना
संस्था के संचालक मनीष सिंह ठाकुर ने दोनों अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘आप दोनों का सहयोग हमें हमेशा मिलता रहा। जब भी जरूरत पड़ी, आप हमारी संस्था के साथ खड़े रहे। आपकी कमी हमें हमेशा खलेगी।’
वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश साहू ने श्री राव की सादगी, संवेदनशीलता और कानूनी ज्ञान की सराहना करते हुए उनके व्यक्तित्व को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समारोह में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष कुलभूषण मिश्रा, वरिष्ठजन एके तिवारी, पत्रकार राहुल शरण, मयूर मालवीय, राहुल बनजीय मुस्कान परिवार की ओर से विक्रम सिंह, ऋतु राजपूत, शालिनी निमोरिया, नितिन वर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुस्कान के सभी सदस्यों ने अधिकारियों को सम्मान पत्र और शुभकामनाएं भेंट कीं।









