इटारसी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आज ग्राम रैसलपुर में नौ दिवसीय अखंड रामायण संकीर्तन समारोह की शुरुआत हो गई है। यह आयोजन गांव की आस्था के केंद्र, श्री खेड़ापति माता मंदिर परिसर में किया जा रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य शिव शंकर झलिया ने बताया कि खेड़ापति माता मंदिर न सिर्फ रैसलपुर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों की भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजन के लिए आते हैं। भक्तों की आस्था को देखते हुए ही इस साल से अखंड रामचरितमानस संकीर्तन का आयोजन शुरू किया गया है।
यह धार्मिक समारोह पूरे नौ दिनों तक चलेगा और इसका समापन 1 अक्टूबर को हवन, पूजन और महाआरती के साथ होगा। आयोजन समिति ने सभी धर्म-प्रेमी जनता और भजन मंडलियों से अनुरोध किया है कि वे इस रामायण संकीर्तन में शामिल होकर अपना योगदान दें और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें।









