इटारसी। नर्मदा पुरम जिला कुर्मी क्षत्रिय समाज ने 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है। इस आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए समाज के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज पुरानी इटारसी स्थित सरदार पटेल समाज भवन में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता कुर्मी क्षत्रिय समाज के वरिष्ठ सदस्य सुधीर पटेल ने की। इसमें जयंती समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें युवाओं और वरिष्ठ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार रखे। अंतत: सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि 31 अक्टूबर को जयंती समारोह को अत्यंत भव्य रूप दिया जाएगा।
रैली और जलाभिषेक का आयोजन
आयोजन की रूपरेखा के अनुसार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
- नर्मदा जल यात्रा : आयोजन के तहत सर्वप्रथम नर्मदापुरम से पवित्र नर्मदा जल लाया जाएगा।
- जलाभिषेक : इस नर्मदा जल से इटारसी के सतरास्ता स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर जलाभिषेक किया जाएगा।
- वाहन रैली : जलाभिषेक के बाद, सभी सामाजिक सदस्य मंडी के पास एकत्र होंगे और वहां से वाहन रैली के रूप में सतरास्ता पहुंचेंगे। यह रैली सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को प्रसारित करेगी।
बैठक में उपस्थित कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रमुख सदस्यों में चंद्र गोपाल मलैया, राजेश गौर, चंचल पटेल, भगवती चौरे, श्रवण चौधरी, राममोहन मलैया, बाबू चौधरी, अरुण पटेल, शंभुदयाल पटेल, कुशल पटेल, बहादुर चौधरी, राकेश पटेल, आकाश गालर, हरषल गालर, उमेश पटेल, शिवकिशोर रावत, आर के चौरे और पंकज मलैया, नवीन पटेल शामिल थे।








