इटारसी। पुलिस थानों में मारपीट, हमला और धमकी देने के अनेक मामले दर्ज हुए हैं। इसमें उधारी के पैसे न देने, पुरानी रंजिशवश, चाय गिरने और शराब के पैसे नहीं देने पर मारपीट जैसे घटनाएं हुई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामपुर गुर्रा थाना अंतर्गत ग्राम ग्वाड़ी खुर्द में उधारी के पैसे मांगने पर विवाद गहरा गया। फरियादी अशोक अहिरवार की शिकायत पर आरोपी पवन उर्फ पिंटी अहिरवार और अभिषेक अहिरवार ने गाली-गलौज करते हुए दरांती से हमला करने की शिकायत दर्ज की है। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए सुषमा अहिरवार और राजकुमार अहिरवार पर भी दरांती से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी गई। यह घटना 21 अक्टूबर की रात 9 बजे हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी का मामला दर्ज किया है।
वहीं, इटारसी पुलिस थाना क्षेत्र के सराफा बाजार में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट का मामला सामने आया है। प्रिया मालवीय (30 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी लंकेश, अभिषेक सोनी और एक अन्य ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और हाथ-मुक्कों से उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
एक अन्य घटना में, इटारसी के साईंनाथ बेकरी के पास अवाम नगर में आशीष सेन ने शिकायत दर्ज कराई कि सागर धुर्वे और हनी धुर्वे ने अभिषेक मेहरा (20 वर्ष) के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और हाथ में पहने कड़े से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके अलावा, रेलवे स्टेशन के सामने चाय गिरने की बात पर विवाद हो गया। फरियादी अनिकेत चावरिया (25 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि अमित बप्पा (नाला मोहल्ला निवासी) ने धक्का देकर उसकी चाय गिरा दी, फिर गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
घरेलू हिंसा का एक मामला 12 बंगला गायत्री मंदिर के पास से आया है, जहां प्रियंका पथरोट (29 वर्ष) ने अपने पति राहुल पथरोट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पत्नी ने बताया कि पति ने शराब के लिए पैसे मांगे, पैसे नहीं देने पर उसने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इन सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







