इटारसी। दीपावली के मौके पर लगे बाजार की समाप्ति के बाद गांधी मैदान में फैले भारी मात्रा में कचरे की सफाई के लिए आज नगर पालिका ने अभियान चलाया। सफाइ के बाद अब स्थानीय खिलाड़ी और बच्चे जल्द ही मैदान पर अभ्यास कर सकेंगे।
बाजार समाप्त होने के बाद मैदान पर बड़ी मात्रा में पॉलीथीन, कागज और अन्य अपशिष्ट पदार्थ जमा हो गए थे, जिसे दुकानदार मौके पर ही छोड़कर चले गए थे। इस स्थिति को देखते हुए नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव स्वयं मौके पर पहुंचे और सफाई कार्य का निरीक्षण किया। सभापति जाधव ने नगर पालिका अमले के साथ मिलकर सफाई अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि मैदान से लगभग 8 ट्रॉली और 2 डंपर कचरा निकाला गया।
उन्होंने कहा कि बच्चों और स्थानीय नागरिकों को एक स्वच्छ और खेलने लायक वातावरण तुरंत उपलब्ध हो, इसलिए यह त्वरित सफाई कराई गई है। इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक कमल आर्य, मोहन कंडारे, नरेश घारू और सौरभ चावरे भी सफाई अभियान में मौजूद रहे। नगरपालिका की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। अब गांधी मैदान एक बार फिर खेल और अन्य गतिविधियों के लिए उपलब्ध हो गया है।








