इटारसी। पूज्य पंचायत सिंधी समाज के तत्वावधान में झूलण सेवा समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री झूलेलाल मंदिर पर भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन इस साल का 25 वॉ वर्ष था, जिसने इटारसी में सिंधी समाज की एकता और अनूठे भाईचारे को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर सबसे पहले बहराणा साहेब की परंपरागत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन हुआ।
भव्य छप्पन भोग और सामुदायिक एकता
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छप्पन भोग का भव्य आयोजन रहा। इस अनूठे आयोजन की विशेषता यह रही कि समाज के सभी घरों से कोई न कोई व्यंजन भोग के लिए मंदिर में लाया गया। इस तरह, सामूहिक भागीदारी से तैयार किया यह छप्पन भोग आपसी सहयोग और प्रेम का प्रतीक बन गया।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। छप्पन भोग की महाआरती के बाद भव्य आतिशबाजी का भी आनंद लिया गया, जिसने पूरे वातावरण को उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम में भारी तादाद में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। समाज के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार का सामूहिक छप्पन भोग आयोजन केवल इटारसी के झूलेलाल मंदिर पर ही होता है, जिसमें सिंधी समाज की परंपराओं और आपसी भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिलता है।








