इटारसी। कृषि उपज मंडी समिति इटारसी में शुक्रवार 24 अक्टूबर 2025 को भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत सोयाबीन की प्रथम नीलामी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भारसाधक अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी नीलेश कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
श्री शर्मा ने मंडी परिसर में सुबह लगभग 11 बजे नीलामी का शुभारंभ किया और तत्पश्चात समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश पंजी कक्ष, नीलामी शेड, हेल्प डेस्क और मंडी में किसानों को प्राप्त होने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने किसानों से सोयाबीन की उपज और मंडी परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के विषय में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कृषि उपज की नीलामी व्यवस्था, रोड, कैमरे, बैनर-पोस्टर आदि को सुचारू रूप से संचालित पाया।
श्री शर्मा ने मंडी प्रबंधन कार्यालय के अधिकारियों से सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था और योजना से संबंधित प्रचार सामग्री (पोस्टर, बैनर) की जानकारी ली। उन्होंने आगामी समय में भी व्यवस्थाओं को निरंतर सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को किसानों की उपज की खरीदी, नीलामी के साथ ही उपज के भुगतान संबंधी विषयों को लेकर विशेष ध्यान रखने और उचित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को भावांतर योजना के प्रति प्रोत्साहित भी किया।








