इटारसी। शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इटारसी के लिए यह गौरव का क्षण है, जहां विद्यालय के 21 प्रतिभावान छात्रों का चयन राज्य स्तरीय शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता 28 अक्टूबर 2025 से 01 नवंबर 2025 तक टीकमगढ़ में आयोजित की जाएगी।
चयनित खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में इटारसी और जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाडिय़ों में 17 वर्ष बालिका में प्रतिज्ञा चौरे, इशिका बेलिया, निहारिका बामने, संध्या प्रजापति, 17 वर्ष बालक में अनिकेत टाक, आलोक भगोरिया, अतुल सोनकर, आजाद यादव, युवराज रैकवार, 19 वर्ष बालिका में प्रथा चौहान, कार्तिका अहिरवार, वसुंधरा यादव, निकिता बौरासी, कनक राजपूत,19 वर्ष बालक में पीयूष कतिया, हर्ष ठाकुर, अभिनेक बकोरिया, आयुष गौहर, सन्नी दीक्षित, रोहित कहार, मयंक दिसोरिया शामिल हैं।
विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह
बच्चों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर, आज विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक अठोत्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्राचार्य एनपी चौधरी और उपप्राचार्य उपेंद्र साहू ने अपनी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने भी चयनित बच्चों को उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के खेल शिक्षक आलोक चौधरी ने छात्रों के समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की, जिसकी बदौलत यह सफलता हासिल हुई है। यह चयन शासकीय सांदीपनी स्कूल के खेल के क्षेत्र में बढ़ते स्तर और बच्चों की प्रतिभा का प्रमाण है। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी टीकमगढ़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।








